Ukadiche Modak Recipe : गणेश चतुर्थी का पावन पर्व आते ही हर घर में बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. बप्पा के स्वागत और उनकी पूजा में मोदक का खास महत्व है, क्योंकि यह भगवान गणेश का सबसे प्रिय भोग माना जाता है. पारंपरिक रूप से बनने वाला ‘उकाडिचे मोदक’ (Ukadiche Modak) चावल के आटे और नारियल-गुड़ के मिश्रण से तैयार किया जाता है. अगर आपने पहले कभी इसे घर पर नहीं बनाया है, तो चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. यहां दिए गए 6 आसान स्टेप्स को फॉलो करके आप पहली बार में ही एकदम परफेक्ट, मुलायम और स्वादिष्ट मोदक बना सकते हैं.
पारंपरिक रूप से बनाएं ‘उकाडिचे मोदक’ (Ukadiche Modak).
उकाडिचे मोदक बनाने के लिए आवश्यक सामग्री (Ingredients)-
बाहरी आवरण (डो) के लिए सामग्री:
चावल का आटा (Fine Rice Flour): 1 कप (बारीक पिसा हुआ)
पानी: 1 कप (आटे को गूंथने के लिए)
घी: 1 छोटी चम्मच
नमक: एक चुटकी
अंदर की फिलिंग (सारण) के लिए सामग्री:
ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल (Fresh Grated Coconut): 1.5 कप
गुड़ (Jaggery): 3/4 कप (कद्दूकस किया हुआ या बारीक कटा हुआ)
इलायची पाउडर (Cardamom Powder): 1/2 छोटी चम्मच
जायफल पाउडर (Nutmeg Powder): एक चुटकी (ऑप्शनल, स्वाद के लिए)
काजू और बादाम: बारीक कटे हुए (अपनी पसंद अनुसार)
शुद्ध घी: 1 छोटी चम्मच (नारियल-गुड़ को भूनने के लिए)
पकाने और परोसने के लिए-
शुद्ध घी: मोदक पर ऊपर से डालने और स्टीमर को चिकना करने के लिए
पानी: स्टीमर में भाप बनाने के लिए
नारियल और गुड़ की स्वादिष्ट फिलिंग तैयार करें-
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें और उसमें ताता कद्दूकस किया हुआ नारियल और गुड़ डालें. इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक गुड़ अच्छे से पिघल न जाए और मिश्रण आपस में मिल न जाए. ध्यान रखें कि फिलिंग पूरी तरह सूखी होनी चाहिए. अगर मिश्रण में नमी या पानी रह गया, तो भाप में पकते समय मोदक की बाहरी परत गीली और चिपचिपी हो सकती है. इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं जब तक सारा अतिरिक्त पानी सूख न जाए.
चावल के आटे का परफेक्ट डो (आटा) बनाएं-
अब एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें चुटकी भर नमक और तेल की कुछ बूंदें डालें. इसमें धीरे-धीरे बारीक चावल का आटा मिलाते हुए लगातार चलाते रहें. इसके बाद आंच बंद कर दें, बर्तन को ढक दें और इसे दो मिनट के लिए भाप में रहने दें. जब आटा हल्का गर्म हो, तो इसे हाथों से अच्छी तरह गूंथकर चिकना और मुलायम डो तैयार कर लें. यह इस पूरी रेसिपी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है.
क्यों खास है चावल का आटा?
चावल का आटा प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन-फ्री (Gluten-free) होता है. जर्नल ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, चावल से बनी चीजें हाइपोएलर्जेनिक गुणों से भरपूर होती हैं. इसका मतलब है कि जिन्हें ग्लूटेन से एलर्जी या संवेदनशीलता है, वे भी बिना किसी चिंता के इन मोदकों का आनंद ले सकते हैं.
मोदक को दें पारंपरिक शेप (मोल्डिंग)
तैयार डो की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं, उन्हें फैलाकर एक छोटी पूरी या डिस्क का आकार दें. अब इसके केंद्र में एक चम्मच ठंडी की हुई नारियल-गुड़ की फिलिंग रखें. इसके किनारों को सावधानी से एक के बाद एक चुटकी से दबाते हुए (Pleat करके) ऊपर की तरफ ले जाएं और पारंपरिक कोन या मोदक का शेप दें. अगर गूंथते समय आटा सूख रहा है, तो हल्के गीले हाथों का इस्तेमाल करें.
स्टीम करने की सही विधि
अब तैयार किए गए मोदकों को एक ग्रीज किए हुए (चिकनाई लगे) स्टीमर में रखें और लगभग 10 से 15 मिनट के लिए भाप में पकाएं. मोदक पक चुके हैं या नहीं, इसकी पहचान यह है कि उनकी बाहरी परत हल्की चमकदार और पारदर्शी (Translucent) हो जाती है. इन्हें ज्यादा देर तक न पकाएं, अन्यथा वे सख्त या चिपचिपे हो सकते हैं. सही तरीके से पके हुए मोदक छूने पर मुलायम और सूखे महसूस होते हैं.
भोग लगाएं
उकाडिचे मोदक को भगवान गणेश को सबसे पहले अर्पित किया जाता है. बप्पा को भोग लगाने के बाद, ऊपर से थोड़ा सा शुद्ध घी डालकर इन्हें गर्मागर्म परोसें. फिलिंग में इस्तेमाल किया जाने वाला गुड़ सिर्फ स्वाद नहीं बढ़ाता, बल्किइसमें कई मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइटोकेमिकल्स पाए जाते हैं जो रिफाइंड शुगर में पूरी तरह गायब होते हैं. इस गणेश चतुर्थी अपने घर पर इस पारंपरिक रेसिपी को जरूर ट्राई करें!