भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिन का वॉर्मअप मुकाबला खेल रही है। इस मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 357 रन बना लिए थे। दूसरे दिन के खेल के आखिरी सेशन में पूरी महफिल टीम इंडिया के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने लूट ली जब उन्होंने आखिरी ओवर में चार छक्के जड़ दिए। दिन का खेल खत्म होने पर बरार 18 गेंदों में 36 रन बनाकर खेल रहे थे, जिसमें चार छक्के लगाने के साथ उन्होंने 2 चौके भी लगाए थे।
बरार ने सिर्फ 5 गेंदों में जड़ दिए चार छक्के
श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ वॉर्मअप मुकाबले के दूसरे दिन आखिरी सेशन में जब गुरनूर बरार बल्लेबाजी करने उतरे तो उस समय तक टीम इंडिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 306 रन बना लिए थे। गुरनूर ने मैदान पर उतरने के साथ ही अपनी आक्रामक रुख अपनाया जिसमें उन्होंने चौके के साथ अपना खाता खोला। दिन का आखिरी ओवर जो श्रीलंका क्रिकेट इलेवन की तरफ से दिलुम सदीरा फेंक रहे थे उसकी पहली गेंद पर पडिक्कल ने एक रन लेकर बरार को स्ट्राइक सौंप दी। इसके बाद बरार ने दूसरी गेंद पर मिड विकेट पर छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर स्ट्रेट छक्का लगाया। वहीं चौथी गेंद पर बरार ने शॉट तो अच्छा खेला लेकिन इसपर कोई रन नहीं आया। वहीं पांचवीं गेंद पर बरार ने एक बार फिर से मिड विकेट की तरफ शॉट खेलने के साथ छक्का जड़ दिया और आखिरी गेंद को भी बरार ने डीप कवर की तरफ शॉट खेलते हुए इस ओवर में चौथा छक्का लगाया।
पडिक्कल के अलावा मानव सुथार ने भी बल्लेबाजी में किया प्रभावित
वॉर्मअप मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय टीम की पहली पारी में सबसे ज्यादा नजरें युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर थी, जिसमें साई सुदर्शन के इस टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद देवदत्त पडिक्कल ने अपनी नाबाद 142 रनों की पारी के दम पर टीम इंडिया की टेंशन को कम करने का काम जरूर किया है। इसके अलावा स्पिन गेंदबाज मानव सुथार भी बल्ले से प्रभावित करने में कामयाब रहे जिसमें उन्होंने 41 रनों की पारी खेली। वहीं पहली बार टीम इंडिया के स्क्वाड का हिस्सा बने सारांश जैन 22 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए।
ये भी पढ़ें
ऋषभ पंत ने फिर से दोहराई वही पुरानी गलती, प्रैक्टिस मैच में सिर्फ 2 रन बनाकर हुए आउट; देखें VIDEO