Last Updated:
दाल भारतीय खाने का सबसे जरूरी हिस्सा है, लेकिन कई बार घर की दाल में वो खुशबू और स्वाद नहीं आता जो ढाबे या रेस्टोरेंट वाली दाल में मिलता है. इसकी वजह सिर्फ मसालों की कमी नहीं, बल्कि तड़का लगाने का तरीका भी हो सकता है. जानिए दाल में तड़का लगाते समय कौन सी गलतियां स्वाद बिगाड़ देती हैं.
तड़का लगाने की सही ट्रिक.
दाल लगभग हर भारतीय किचन में रोज बनने वाली डिश है. अरहर, मूंग, मसूर या उड़द दाल को अलग-अलग तरीके से बनाया जाता है, लेकिन एक चीज जो इसके स्वाद को सबसे ज्यादा बढ़ाती है वह है तड़का. तेल या घी में भुने मसाले जब गर्म दाल में मिलते हैं तो इसकी खुशबू और स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. लेकिन कई बार लोग तड़का लगाते समय छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं, जिसकी वजह से दाल का स्वाद फीका या कड़वा लग सकता है.
तड़का लगाते समय सबसे आम गलती है तेल या घी को जरूरत से ज्यादा गर्म करना. जब तेल बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है तो मसाले जल्दी जल सकते हैं. जले हुए जीरे, लहसुन या लाल मिर्च का स्वाद दाल की पूरी खुशबू खराब कर सकता है. इसलिए तड़का हमेशा मध्यम आंच पर लगाना बेहतर माना जाता है.
जीरा डालने का सही समय क्या है?
जीरा दाल के तड़के की जान माना जाता है. लेकिन अगर जीरा सही समय पर नहीं डाला जाए तो उसका स्वाद पूरी तरह नहीं निकलता. तेल या घी गर्म होने के बाद जब जीरा चटकने लगे तभी बाकी मसाले डालने चाहिए. इससे जीरे के अंदर मौजूद प्राकृतिक तेल बाहर आते हैं और अच्छी खुशबू देते हैं.
लहसुन और प्याज को कितना भूनना चाहिए?
लहसुन वाला तड़का कई लोगों को पसंद होता है, लेकिन इसे जलने से बचाना जरूरी है. हल्का सुनहरा होने तक भुना हुआ लहसुन दाल में बेहतरीन स्वाद देता है. अगर लहसुन ज्यादा जल जाए तो उसमें कड़वापन आ सकता है. लाल मिर्च पाउडर को बहुत तेज गर्म तेल में डालने से वह जल सकती है और उसका रंग भी खराब हो सकता है. कई लोग तड़का गैस बंद करने के बाद लाल मिर्च डालते हैं ताकि उसका रंग और स्वाद अच्छा बना रहे.
दाल में तड़का कब डालना चाहिए?
तड़का हमेशा गर्म दाल में डालने से स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है. तड़का डालने के बाद दाल को कुछ मिनट ढककर रखने से मसालों की खुशबू अंदर तक चली जाती है. यही वजह है कि कई जगहों पर तड़का डालने के बाद दाल को थोड़ी देर दम पर रखा जाता है. दाल का स्वाद सिर्फ नमक और मसालों से नहीं आता. दाल की क्वालिटी, पकाने का तरीका और तड़के का बैलेंस भी उतना ही जरूरी है. घी में लगाया गया तड़का दाल को ज्यादा रिच स्वाद दे सकता है, जबकि तेल में हल्का और अलग फ्लेवर आता है.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें