Last Updated:

Karonda and Chili Pickle: करौंदा और हरी मिर्च का अचार स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. आमतौर पर अचार बनाने के बाद उसे कई दिनों तक धूप में रखा जाता है. लेकिन अगर आपके घर में पर्याप्त धूप नहीं आती या बरसात का मौसम है. तब भी आप बेहद स्वादिष्ट और लंबे समय तक टिकने वाला करौंदा-मिर्च का अचार तैयार कर सकते है.

करौंदा और हरी मिर्च का अचार स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. आमतौर पर अचार बनाने के बाद उसे कई दिनों तक धूप में रखा जाता है, लेकिन अगर आपके घर में पर्याप्त धूप नहीं आती या बरसात का मौसम है, तब भी आप बेहद स्वादिष्ट और लंबे समय तक टिकने वाला करौंदा-मिर्च का अचार तैयार कर सकते है. सही मसालों, पर्याप्त तेल और साफ-सफाई का ध्यान रखकर बनाया गया यह अचार बिना धूप के भी लगभग एक साल तक सुरक्षित रखा जा सकता है.

रायबरेली जिले के एसबीवीपी इंटर कॉलेज के गृह विज्ञान के प्रवक्ता अरुण कुमार सिंह (एम ए बी एड लखनऊ विश्वविद्यालय) लोकल 18 से बात करते हुए बताते हैं कि मानसून के मौसम में मिलने वाले करौंदा और हरी मिर्च से स्वादिष्ट अचार बनाने के लिए हमें कुछ जरूरी बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए जिससे अचार खराब न होने पाए.

करीब 500 ग्राम ताजे करौंदे, 200 ग्राम हरी मिर्च, 3 से 4 बड़े चम्मच सरसों का दरदरा पिसा मसाला, 2 बड़े चम्मच सौंफ, 1 बड़ा चम्मच मेथी दाना, आधा चम्मच कलौंजी, एक चम्मच हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चौथाई चम्मच हींग और लगभग 250 मिलीलीटर सरसों का तेल लें. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा सा सिरका या नींबू का रस भी मिला सकते है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे पहले करौंदों को अच्छी तरह धो लें और साफ कपड़े से पूरी तरह सुखा लें. ध्यान रखें कि इनमें बिल्कुल भी पानी नहीं रहना चाहिए. अब करौंदों को बीच से हल्का चीरा लगा दें. हरी मिर्च को भी धोकर पूरी तरह सुखाएं और लंबाई में चीरा लगा दें ताकि मसाले अच्छी तरह अंदर तक पहुंच सके.

अब मेथी और सौंफ को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. इसमें सरसों का मसाला, हल्दी, लाल मिर्च, कलौंजी, हींग और नमक मिलाकर अचार का मसाला तैयार कर लें.

एक कड़ाही में सरसों का तेल अच्छी तरह गर्म करें. जब तेल से धुआं निकलने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल को पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा तेल अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है.

अब एक बड़े बर्तन में करौंदे, हरी मिर्च और तैयार मसाला अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद ठंडा किया हुआ सरसों का तेल डालकर सभी सामग्री को अच्छे से मिक्स करें ताकि हर करौंदे और मिर्च पर मसाले और तेल की अच्छी परत चढ़ जाए. यदि चाहें तो इस समय थोड़ा सा सिरका या नींबू का रस भी मिला सकते हैं, जिससे अचार की शेल्फ लाइफ और बढ़ जाती है.

अचार को हमेशा साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भरें. जार में नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. अचार भरने के बाद ध्यान रखें कि ऊपर तक तेल की परत बनी रहे. यही परत अचार को फफूंद लगने और खराब होने से बचाती है. जार का ढक्कन कसकर बंद करें और उसे ठंडी व सूखी जगह पर रखें. धूप न मिलने पर भी अचार 4 से 5 दिनों में अच्छी तरह तैयार हो जाता है. इस दौरान रोजाना एक बार साफ और सूखे चम्मच से अचार को हल्का-सा चला दें.

अचार निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें. गीला चम्मच या पानी की एक बूंद भी अचार को जल्दी खराब कर सकती है. अगर कुछ दिनों बाद लगे कि तेल की मात्रा कम हो गई है तो थोड़ा सरसों का तेल गर्म करके ठंडा करें और ऊपर से डाल दें. इससे अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment