Lemon Pickle Recipe: घर में बना नींबू का अचार सिर्फ एक साइड डिश नहीं होता, ये हर खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. चाहे दाल-चावल हो, पराठा या फिर साधारण रोटी-अगर साथ में सही तरह से बना नींबू का अचार हो, तो खाना खुद-ब-खुद खास लगने लगता है, लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनका अचार या तो ज्यादा कड़वा हो जाता है, या उसमें वो चटपटा स्वाद नहीं आता जो बाजार वाले अचार में मिलता है. असल में इसका राज मसालों के सही चुनाव और उनकी सही मात्रा में छिपा होता है. नींबू का अचार बनाना मुश्किल नहीं है, पर हर मसाले का अपना अलग रोल होता है.
कोई खट्टापन बढ़ाता है, कोई खुशबू देता है, तो कोई स्वाद को बैलेंस करता है, अगर इन मसालों को सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो आपका घर का अचार भी बिल्कुल प्रोफेशनल टेस्ट देगा. इस आर्टिकल में हम आपको आसान और साफ तरीके से बताएंगे कि नींबू के अचार में कौन-कौन से मसाले डालने चाहिए और कैसे ये मसाले मिलकर आपके अचार को परफेक्ट बनाते हैं.
नींबू के अचार में डाले जाने वाले जरूरी मसाले
1. मेथी दाना और अजवाइन
मेथी दाना नींबू के अचार में हल्की सी कड़वाहट जोड़ता है, जो स्वाद को गहराई देता है. इसे हल्का भूनकर डालने से इसकी खुशबू और भी बढ़ जाती है. वहीं अजवाइन अचार को एक अलग ही फ्लेवर देती है और पेट के लिए भी आरामदायक मानी जाती है. ये दोनों मिलकर अचार को टेस्टी और हेल्दी बनाते हैं.
2. राई और सौंफ
राई यानी सरसों के दाने अचार का बेस फ्लेवर तैयार करते हैं. इसे दरदरा पीसकर डालने से अचार में तेज और खट्टा स्वाद जल्दी आता है. दूसरी तरफ सौंफ हल्की मिठास लाती है, जिससे अचार का स्वाद संतुलित रहता है. खट्टा, तीखा और मीठा-तीनों का सही मेल यहीं से बनता है.
3. कलौंजी और हींग
कलौंजी का स्वाद थोड़ा तीखा और अलग होता है, जो अचार को खास बनाता है. हींग की खुशबू अचार में जान डाल देती है और पाचन में भी मदद करती है. ये दोनों मसाले कम मात्रा में डालें, लेकिन इनका असर काफी गहरा होता है.
4. नमक, लाल मिर्च और हल्दी
ये तीनों मसाले हर अचार की जान होते हैं. नमक नींबू को गलाने में मदद करता है और अचार को लंबे समय तक खराब होने से बचाता है. लाल मिर्च अचार में तीखापन लाती है, जबकि हल्दी रंग और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद मानी जाती है. सही मात्रा में इनका इस्तेमाल बहुत जरूरी है.
5. सरसों का तेल
सरसों का तेल अचार को देसी फ्लेवर देता है और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखता है. तेल को पहले अच्छे से गर्म करके ठंडा करना जरूरी होता है, इससे अचार में कच्चापन नहीं आता और स्वाद भी बेहतर होता है.
अचार को परफेक्ट बनाने के आसान टिप्स
नींबू हमेशा साफ और सूखे होने चाहिए, मसालों को हल्का भूनने से स्वाद बढ़ता है. अचार को कांच के जार में ही स्टोर करें. कुछ दिन धूप में रखने से अचार जल्दी तैयार होता है.