Last Updated:

सिंघाड़ा विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है. इसे सालभर इस्तेमाल करने के लिए सुखाकर पाउडर बना लें. डॉ. निकिता मिश्रा के अनुसार पाउडर को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें. इससे बना हलवा कमजोरी दूर करता है और तुरंत ऊर्जा देता है. यह व्रत के लिए बेहतरीन डिश है.

ख़बरें फटाफट

समस्तीपुर: पानी फल यानी सिंघाड़ा एक ऐसा मौसमी फल है, जिसे लोग खासकर व्रत-त्योहार में ज्यादा इस्तेमाल करते हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यह स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है. इसमें विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाते हैं. आमतौर पर यह फल हर समय बाजार में उपलब्ध नहीं होता, इसलिए लोग इसे सीमित समय में ही खा पाते हैं. हालांकि, अगर इसे सही तरीके से संरक्षित कर लिया जाए, तो सालभर इसका उपयोग किया जा सकता है. यही कारण है कि अब लोग सिंघाड़ा को सिर्फ फल नहीं, बल्कि एक हेल्दी फूड ऑप्शन के रूप में देखने लगे हैं, जिसे कई स्वादिष्ट व्यंजनों में बदला जा सकता है.

ऐसे करें सिंघाड़े का पाउडर तैयार
समस्तीपुर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के फूड टेक्नोलॉजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निकिता मिश्रा बताती हैं कि सिंघाड़ा को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का सबसे आसान तरीका है इसका पाउडर बनाना. इसके लिए सबसे पहले ताजे सिंघाड़े को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद उसका छिलका हटाकर धूप में पूरी तरह सुखा लें. जब यह अच्छी तरह सूख जाए, तो इसे पीसकर महीन पाउडर बना लें. इस पाउडर को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके महीनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है. इस तरह आप जब भी चाहें, इसका इस्तेमाल कर सकते हैं और मौसम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

घर पर बनाएं स्वादिष्ट सिंघाड़ा हलवा
सिंघाड़ा पाउडर से बनने वाला हलवा स्वाद में इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करेगा. इसे बनाने के लिए एक कढ़ाही में थोड़ा सा घी गर्म करें, फिर उसमें सिंघाड़ा पाउडर डालकर हल्का भून लें. इसके बाद जरूरत के अनुसार दूध या पानी डालें और स्वादानुसार चीनी मिलाएं. खुशबू और स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी इलायची डाल सकते हैं. बस 2-3 मिनट में आपका हलवा तैयार हो जाएगा. यह न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि शरीर को तुरंत ऊर्जा भी देता है. खासकर व्रत या कमजोरी के समय यह एक बेहतरीन डिश साबित होता है. अगर आप भी कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं, तो सिंघाड़ा हलवा जरूर ट्राई करें,यह स्वाद और सेहत दोनों का परफेक्ट कॉम्बिनेशन है.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

Write A Comment