Potato Smiley recipe: रोज-रोज एक जैसा नाश्ता बनाकर आप भी बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा ट्राई करना चाहते हैं जो स्वाद में भी कमाल हो और देखने में भी मजेदार लगे, तो पोटैटो स्माइलीज आपके लिए शानदार ऑप्शन हैं. ये स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. बाहर मिलने वाली स्माइलीज अक्सर फ्रोजन पैकेट में आती हैं, लेकिन अब इन्हें घर पर भी बहुत आसानी से बनाया जा सकता है. सोशल मीडिया पर फूड ब्लॉगर पल्लवी वर्मा ने इसकी एक आसान रेसिपी शेयर की है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं.

खास बात यह है कि इस रेसिपी में बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती. सिर्फ आलू, चावल का आटा और कुछ आम मसालों की मदद से आप बाजार जैसी कुरकुरी और अंदर से मुलायम पोटैटो स्माइलीज तैयार कर सकते हैं, अगर शाम की चाय के साथ कुछ नया बनाना चाहते हैं या बच्चों के टिफिन के लिए मजेदार स्नैक ढूंढ रहे हैं, तो यह रेसिपी आपके बहुत काम आने वाली है.

सबसे पहले आलू को सही तरीके से तैयार करें
इस रेसिपी की शुरुआत अच्छे आलू चुनने से होती है. सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर छील लें. अब इन्हें छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें. कटे हुए आलू को दो बार साफ पानी से धो लें ताकि ऊपर लगा स्टार्च थोड़ा निकल जाए. इसके बाद एक बर्तन में पानी उबालें और आलू को नरम होने तक पका लें, अगर जल्दी है तो प्रेशर कुकर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.

उबले आलू का पानी पूरी तरह निकालें
आलू पक जाने के बाद उन्हें तुरंत पानी से अलग कर लें. कुछ मिनट के लिए छन्नी में रख दें ताकि बचा हुआ पानी भी निकल जाए, अगर आलू में ज्यादा नमी रहेगी तो स्माइलीज का आटा सही नहीं बनेगा. अब आलू को एक बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह मैश करें. ध्यान रखें कि इसमें कोई बड़ा टुकड़ा न बचे और मिश्रण पूरी तरह चिकना हो जाए.

कुरकुरापन लाने का आसान तरीका
अब मैश किए हुए आलू में स्वाद के मुताबिक नमक डालें. इसके बाद चावल का आटा मिलाएं. यही चीज स्माइलीज को बाहर से कुरकुरा बनाने में मदद करती है. अब एक छोटा चम्मच घी या तेल डाल दें. चाहें तो थोड़ा काली मिर्च पाउडर या चिली फ्लेक्स भी मिला सकते हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर मुलायम आटा तैयार कर लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

स्माइलीज को दें एक जैसी शेप
अब तैयार आटे से छोटी-छोटी लोइयां बना लें. हर लोई को हल्का दबाकर गोल आकार दें, अगर आप चाहते हैं कि सभी स्माइलीज एक जैसी दिखें तो किसी छोटे ढक्कन या कुकी कटर की मदद से इन्हें गोल काट सकते हैं. इससे हर पीस एक जैसा नजर आएगा और फ्राई होने के बाद भी सुंदर लगेगा.

ऐसे बनाएं आंखें और मुस्कुराता चेहरा
यही इस रेसिपी का सबसे मजेदार हिस्सा है. आंखें बनाने के लिए स्ट्रॉ, पेन के पिछले हिस्से या किसी गोल डंडी से दो छोटे छेद करें. इसके बाद चम्मच के किनारे को हल्का दबाकर नीचे की तरफ खींचें और स्माइल बना दें. कुछ ही सेकंड में आपकी साधारण आलू की टिक्की एक प्यारी सी स्माइली बन जाएगी. बच्चे इस स्टेप को सबसे ज्यादा पसंद करते हैं.

सुनहरा होने तक करें फ्राई
एक कढ़ाई में तेल गर्म करें. आंच को मीडियम रखें और तैयार स्माइलीज को धीरे-धीरे तेल में डालें. दोनों तरफ से पलटते हुए तब तक फ्राई करें जब तक इनका रंग सुनहरा और परत कुरकुरी न हो जाए. फ्राई होने के बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.

ऐसे करें सर्व
गरमा-गरम पोटैटो स्माइलीज को टोमैटो केचप, हरी चटनी या अपनी पसंद की किसी भी डिप के साथ परोसें, अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला भी छिड़क सकते हैं. यह स्नैक बच्चों की बर्थडे पार्टी, शाम की चाय या टिफिन के लिए भी शानदार रहेगा. एक बार घर पर बनाने के बाद शायद आपको बाजार से स्माइलीज खरीदने की जरूरत ही न पड़े.



Source link

Write A Comment