Sambar Masala Recipe: जब भी साउथ इंडियन खाने की बात होती है, तो सबसे पहले दिमाग में गरमा-गरम इडली, डोसा और उसके साथ परोसा जाने वाला स्वाद से भरपूर सांभर याद आता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सांभर इतना टेस्टी क्यों लगता है? इसका असली राज उसकी दाल या सब्जियों में नहीं, बल्कि उसके खास मसाले में छिपा होता है. यही मसाला सांभर को साधारण से खास बना देता है. बाजार में मिलने वाले तैयार मसाले भले ही काम आसान कर देते हों, लेकिन उनमें वह ताजगी और शुद्धता नहीं मिलती जो घर पर बने मसाले में होती है. यही वजह है कि अब लोग धीरे-धीरे घर पर मसाले बनाने की तरफ लौट रहे हैं.
अगर आप भी चाहते हैं कि आपके घर का सांभर बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा बने, तो कुकिंग एक्सपर्ट कुसुम भट्ट का यह आसान तरीका आपके बहुत काम आने वाला है.
सही मसालों का चुनाव है सबसे जरूरी
घर पर सांभर मसाला बनाने की शुरुआत सही सामग्री से होती है. सबसे पहले यह ध्यान रखें कि सभी साबुत मसाले बिल्कुल सूखे और साफ हों. अगर मसालों में थोड़ी सी भी नमी होगी, तो मसाला जल्दी खराब हो सकता है और उसका स्वाद भी बिगड़ जाएगा. इसके लिए धनिया, जीरा, सरसों, मेथी दाना और सूखी लाल मिर्च को अच्छे से जांच लें. करी पत्ते अगर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उन्हें धोकर कपड़े से अच्छी तरह सुखा लें. सही मसाले ही आपके सांभर मसाले की नींव होते हैं.
धीमी आंच पर रोस्ट करने का सही तरीका
अब बारी आती है मसालों को भूनने की, जो सबसे अहम स्टेप है. एक साफ पैन को धीमी आंच पर रखें और उसमें धनिया, जीरा, सूखी लाल मिर्च, सरसों, मेथी और करी पत्ता डालकर धीरे-धीरे भूनें. ध्यान रखें कि आंच तेज न हो, क्योंकि तेज आंच पर मसाले ऊपर से जल सकते हैं और अंदर से कच्चे रह जाते हैं. जब मसालों से हल्की खुशबू आने लगे और करी पत्ते कुरकुरे हो जाएं, तब समझ लें कि ये सही तरह से रोस्ट हो चुके हैं.
भुने मसालों को सही तरीके से ठंडा करना
रोस्ट करने के बाद मसालों को तुरंत पैन से निकालना जरूरी है. अगर आप उन्हें गर्म पैन में ही छोड़ देंगे, तो वे ज्यादा भुन सकते हैं और उनका स्वाद खराब हो सकता है. इसलिए मसालों को एक सूखी प्लेट में फैलाकर ठंडा होने दें. यह छोटा सा स्टेप आपके मसाले की क्वालिटी को बेहतर बनाता है.
दाल और काली मिर्च से बढ़ेगा स्वाद
अब उसी पैन में थोड़ी चना दाल, अरहर दाल और काली मिर्च डालकर हल्का सा भून लें. दालों का इस्तेमाल सांभर मसाले को गाढ़ापन और अलग तरह का स्वाद देता है. इसे भी धीमी आंच पर ही भूनें और फिर ठंडा होने के लिए रख दें.
बारीक पीसने से मिलेगा परफेक्ट टेक्सचर
जब सभी मसाले और दालें पूरी तरह ठंडी हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. साथ में थोड़ा हल्दी और हींग भी डालें. हींग सांभर में एक खास खुशबू और पाचन के लिए फायदा देती है, जबकि हल्दी मसाले को अच्छा रंग देती है. मसाले को जितना बारीक पीसेंगे, उतना ही आपका सांभर स्मूद और टेस्टी बनेगा.
View this post on Instagram