अगर आप घर पर हलवाई जैसी मुलायम और स्वादिष्ट अंगूरी रसमलाई बनाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी परफेक्ट है. सबसे अहम बात यह है कि दूध में उबाल आने के तुरंत बाद उसे न फाड़ें. पहले 5-7 मिनट ठंडा होने दें, फिर सिरका मिलाएं. इससे छेना मुलायम बनता है और रसमलाई स्पंजी तैयार होती है. छेना तैयार करने के बाद उसे अच्छी तरह धोकर अतिरिक्त पानी निकाल दें. फिर हल्के हाथों से मसलें और उसमें थोड़ा कॉर्नफ्लोर व एक चुटकी बेकिंग सोडा मिलाकर छोटे-छोटे गोले बना लें. दूसरी ओर दूध, चीनी, केसर, इलायची और ड्राई फ्रूट्स डालकर गाढ़ी रबड़ी तैयार करें. इसके बाद चीनी की चाशनी में छेना के गोले करीब 15 मिनट तक पकाएं और तुरंत बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें. फिर हल्के से निचोड़कर इन्हें रबड़ी में डालें और 5-6 घंटे या पूरी रात फ्रिज में ठंडा होने दें. तैयार अंगूरी रसमलाई का स्वाद बिल्कुल हलवाई की दुकान जैसी मुलायम और लाजवाब होगा.