दरभंगा. घर पर ही फाइव स्टार होटल जैसा मटन बनाना चाहते हैं तो ये रेसिपी फॉलो कर सकते हैं. इसकी खासियत आसान विधि है, जिसमें ज्यादा मेहनत और ताम-झाम नहीं है लेकिन स्वाद बेहतरीन आता है. यह विधि उन लोगों के लिए काम की हो सकती है जिनके घर मेहमान आए हों या जो बैचलर हों और होटल के भारी-भरकम बिल से बचना चाहते हों. थोड़े से जरूरी टिप्स और ट्रिक्स का ध्यान रखकर यह मजेदार रेसिपी बनाई जा सकती है.

कमोद कुमार ने साझा की विधि
कमोद कुमार नामक एक बैचलर ने फाइव स्टार होटल जैसा मटन बनाने की विधि साझा की है. उनका कहना है कि होटल में एक व्यक्ति के मटन, चावल और रोटी का बिल 800 से 1000 रुपये तक आ सकता है, जबकि घर पर कम खर्च में भी ऐसा ही स्वाद पाया जा सकता है.

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
मटन बनाने के लिए कुछ सामग्री की आवश्यकता होती है. इसमें मटन, मटन के बराबर मात्रा में प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मीट मसाला, गरम मसाला, सरसों का तेल, तेज पत्ता, सूखी लाल मिर्च, खड़ा गरम मसाला, कश्मीरी लाल मिर्च और हरा धनिया शामिल हैं.

बनाने की विधि
सबसे पहले मटन को अच्छे से धोया जाता है और जितनी मात्रा में मटन हो, उतनी ही मात्रा में प्याज काटा जाता है, ताकि ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बने. एक बड़े बर्तन में धुले हुए मटन के साथ कटे हुए प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, मीट मसाला और गरम मसाला मिलाया जाता है. इसमें दो से तीन चम्मच गर्म सरसों का तेल डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाया जाता है और 20 मिनट के लिए मैरिनेट होने के लिए छोड़ दिया जाता है.

पकाने की प्रक्रिया
इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करके उसमें तेज पत्ता, सूखी लाल मिर्च और खड़ा गरम मसाला डालकर थोड़ी देर भूना जाता है. खुशबू आने पर मैरिनेट किया हुआ मटन उसमें डाल दिया जाता है. रंग के लिए कश्मीरी लाल मिर्च का उपयोग किया जा सकता है. इसे ढककर 15 मिनट तक पकाया जाता है, फिर ढक्कन हटाकर लगातार चलाते हुए पकाया जाता है. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, प्याज पूरी तरह गल जाए और मटन अच्छी तरह पक जाए, तो ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दी जाती है.



Source link

Write A Comment