Last Updated:
Moong Dal Laddu Recipe: रक्षाबंधन पर बाजार की मिठाई के बजाय घर पर मूंग दाल के स्वादिष्ट और सेहतमंद लड्डू बनाए जा सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए मूंग दाल को भिगोने की जरूरत नहीं पड़ती. पहले दाल को धोकर सुखाया जाता है और फिर भूनकर बारीक पीसा जाता है. इसके बाद घी, मेवे, मलाई, इलायची और पिसी चीनी मिलाकर लड्डू तैयार किए जाते हैं. ये लड्डू स्वादिष्ट होने के साथ आसानी से पचने वाले भी होते हैं और सही तरीके से रखने पर लंबे समय तक ताजा रह सकते हैं.
सीतामढ़ी: रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का त्योहार है. इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधती हैं. साथ ही उनके सुखी और स्वस्थ जीवन की कामना करती हैं. रक्षाबंधन पर भाई का मुंह मीठा कराने के लिए बाजार की मिठाइयों के बजाय घर पर बनी मिठाई बेहतर विकल्प हो सकती है. घर पर मिठाई बनाने से इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री का भी ध्यान रखा जा सकता है. गृहणी खुशबू कुमारी के अनुसार, इस रक्षाबंधन पर आप घर में साबुत मूंग दाल के स्वादिष्ट और सेहतमंद लड्डू बना सकती हैं. यह पारंपरिक मिठाई खाने में स्वादिष्ट होती है. साथ ही इसे पचाना भी आसान होता है. खास बात यह है कि इन लड्डुओं को बनाने के लिए मूंग दाल को भिगोने की जरूरत नहीं पड़ती. यानी कम समय में भी यह मिठाई तैयार की जा सकती है.
मूंग दाल के लड्डू बनाने के लिए सामग्री-
1 कप साबुत मूंग दाल
2-3 बड़े चम्मच देसी घी
काजू, बादाम और किशमिश
2 चम्मच दूध की मलाई
आधी चम्मच इलायची पाउडर
दो-तिहाई कप पिसी हुई चीनी
चुटकी भर हरा फूड कलर, अगर चाहें
जरूरत के अनुसार अतिरिक्त घी
सबसे पहले मूंग दाल को भूनें
लड्डू बनाने की पूरी विधि
मूंग दाल के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले दाल की सही तैयारी करना जरूरी है. इसके लिए एक कप साबुत मूंग दाल लें. इसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद दाल का पानी पूरी तरह सुखा लें. ध्यान रखें कि दाल को पानी में भिगोना नहीं है. सिर्फ धोकर अच्छी तरह सुखाना है. अब मध्यम आंच पर कढ़ाई रखें. इसमें सूखी मूंग दाल डालें. दाल को लगातार चलाते हुए करीब चार से पांच मिनट तक भूनें. भूनते समय मूंग दाल का हरा रंग धीरे-धीरे सुनहरा होने लगेगा. साथ ही इसमें से सोंधी खुशबू आने लगेगी. जब दाल अच्छी तरह भुन जाए तो इसे एक प्लेट में निकाल लें. दाल को पंखे की हवा में ठंडा होने दें. दाल ठंडी होने के बाद इसे मिक्सी के जार में डालें. इसे बारीक पीस लें. दाल का आटे जैसा बारीक पाउडर तैयार कर लें.
घी में मेवे फ्राई करें
अब उसी कढ़ाई में एक बड़ा चम्मच देसी घी डालकर गर्म करें. इसमें कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालें. मेवों को हल्का फ्राई करें. इसके बाद इन्हें कढ़ाई से निकालकर अलग रख दें. अब कढ़ाई में जरूरत के अनुसार थोड़ा और देसी घी डालें. इसमें पिसा हुआ मूंग दाल का आटा डालें. इसे मध्यम आंच पर करीब चार से पांच मिनट तक भूनें. आटा भूनते समय लगातार चलाते रहें. इससे आटा कढ़ाई में चिपकेगा नहीं और अच्छी तरह भुन जाएगा. अगर आटा ज्यादा सूखा लगे तो इसमें एक चम्मच देसी घी और डाल सकते हैं.
मलाई और इलायची से बढ़ेगा स्वाद
अब इसमें इच्छा के अनुसार चुटकी भर हरा फूड कलर डालें. इसके बाद दो चम्मच दूध की मलाई डालें. इसे करीब दो मिनट तक और पकाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें. अब इसमें आधी चम्मच इलायची पाउडर डालें. साथ ही दो-तिहाई कप पिसी हुई चीनी डालें. इसमें पहले से फ्राई किए हुए काजू, बादाम और किशमिश भी मिला दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि चीनी और मेवे पूरे मिश्रण में अच्छी तरह मिल जाएं.
हल्का गर्म रहते ही बनाएं लड्डू
मिश्रण जब हल्का गर्म रहे, तभी लड्डू बनाना शुरू करें. हाथों में थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लें. इसे दबाकर गोल आकार दें. इसी तरह एक-एक करके सभी लड्डू तैयार कर लें. देसी घी और मलाई की वजह से लड्डू आसानी से बन जाते हैं. आप अपनी पसंद के अनुसार लड्डुओं का आकार छोटा या बड़ा रख सकती हैं. इन लड्डुओं की खासियत यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता. साथ ही ये जल्दी खराब भी नहीं होते. सही तरीके से रखने पर इन्हें लंबे समय तक ताजा रखा जा सकता है.
स्वादिष्ट और सेहतमंद लड्डू
हालांकि, लड्डू बनाते समय एक बात का खास ध्यान रखें. मिश्रण में पानी बिल्कुल नहीं जाना चाहिए. पानी पड़ने से लड्डू जल्दी खराब हो सकते हैं. इसलिए सभी सामग्री और बर्तनों को सूखा रखें. इस रक्षाबंधन पर बाजार की मिठाई खरीदने के बजाय घर पर मूंग दाल के ये स्वादिष्ट और सेहतमंद लड्डू बना सकते हैं. भाई की कलाई पर राखी बांधने के बाद इन लड्डुओं से उसका मुंह मीठा कराएं. इससे त्योहार की मिठास और भी बढ़ जाएगी.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…
और पढ़ें