Last Updated:

Chhattisgarh Traditional Arsa Sweet: बालोद कलेक्टोरेट परिसर के बिहान समूह कैंटीन में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक मिठाई अरसा की खूब डिमांड है. सेवती ठाकुर के मुताबिक, चावल को 3 घंटे भिगोकर सुखाकर दरदरा पीसा जाता है. गुड़ का पाक बनाकर चावल में मिलाया जाता है और छोटे अरसे गर्म तेल में करीब 5 मिनट तले जाते हैं. सौंफ-तिल से स्वाद बढ़ता है और अरसा 10-15 दिन तक सुरक्षित रहता है.

बालोद: छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पकवानों में अरसा एक खास पहचान रखता है. चावल और गुड़ से तैयार होने वाली यह मिठाई स्वाद के साथ-साथ प्रदेश की पारंपरिक खानपान संस्कृति से भी जुड़ी हुई है. तीज-त्योहारों के मौके पर इसकी मांग खास तौर पर बढ़ जाती है. बालोद कलेक्टोरेट परिसर में संचालित बिहान समूह के कैंटीन में भी छत्तीसगढ़ी पारंपरिक मिठाई अरसा की खूब डिमांड रहती है.

पिछले कई वर्षों से अरसा बनाने वाली सेवती ठाकुर ने इसकी आसान रेसिपी बताते हुए कहा कि इसे बनाने के लिए सबसे पहले चावल को करीब 3 घंटे तक पानी में भिगोकर रखा जाता है. इसके बाद चावल को पानी से निकालकर अच्छी तरह सुखाया जाता है. चावल सूख जाने के बाद इसे दरदरा पीस लिया जाता है. इसके बाद कढ़ाई में गुड़ डालकर उसका पाक तैयार किया जाता है.

सेवती ठाकुर के अनुसार, एक किलो चावल से अरसा बनाने के लिए करीब आधा किलो गुड़ की जरूरत पड़ती है. तैयार गुड़ के पाक में पिसे हुए चावल को डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. इसके बाद मिश्रण के छोटे-छोटे आकार के अरसे तैयार किए जाते हैं. इन्हें गर्म तेल में डालकर करीब 5 मिनट तक पकाया जाता है. इस तरह कुछ ही समय में स्वादिष्ट अरसा तैयार हो जाता है.

त्योहारों के मौके पर बढ़ाती है रौनक
अरसे का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इसमें सौंफ और तिल भी मिलाए जा सकते हैं. इससे पारंपरिक मिठाई का स्वाद और भी बेहतर हो जाता है. खास बात यह है कि सही तरीके से तैयार और सुरक्षित रखने पर अरसा करीब 10 से 15 दिनों तक खराब नहीं होता.

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में अरसा त्योहारों का भी खास हिस्सा है. रक्षाबंधन, होली और दीपावली जैसे पर्वों पर कई परिवार घर में ही इसे तैयार करते हैं. वहीं तीज के दौरान इसकी मांग और बढ़ जाती है. ऐसे में अरसा सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक विरासत और त्योहारों की मिठास को आगे बढ़ाने वाला खास पकवान भी है.

About the Author

Mohd Majid

with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment