बच्चों को मीठा खाना खूब पसंद होता है। टॉफी, कैंडी, चॉकलेट और लॉलीपॉप बच्चों की पहली पसंद होती हैं। लेकिन बाहर की बनी ये चीजें मीठे के साथ-साथ आर्टिफिशियल कलर और केमिकल मिलाकर बनती हैं। ऐसे में अच्छा होगा कि बच्चों को घर पर बनी कोई स्वीट खिलाई जाए। आप बच्चों के लिए चीजी मिल्क बर्फी बना सकते हैं। ये खाने में बहुत टेस्टी और बनाने में आसान हैं। इसके लिए न तो मावा की जरूरत होगी और न ही बहुत ज्यादा किसी दूसरी सामग्री की आवश्यकता होगी। आप कुछ मिनटों में एकदम सॉफ्ट और स्पंजी बर्फी बनाकर तैयार कर सकते हैं। फटाफट नोट कर लें चीजी मिल्क बर्फी की रेसिपी

चीजी मावा बर्फी रेसिपी     

पहला स्टेप- 1 कप फुल क्रीम दूध कड़ाही में डाल दें। अब इसमें आधा कप चीनी, आधा कप कॉर्नफ्लार अच्छी तरह से मिला लें। कुछ देर आपको गुठली जैसी नजर आएंगी। अब इसमें 2 कप दूध और मिला दें। अब गैस तेज करके लगातार चलाते हुए दूध को पकाएं।

दूसरा स्टेप- इसमें 2-3 चीज स्लाइस तोड़कर डाल दें। ऊपर से 1 चम्मच देसी घी और इलायची पाउडर डाल दें। दूध को लगातार चलाते रहें और जब ये गाढ़ा हो तो इसे जमाने के लिए एक घी लगी ट्रे में डाल दें। आपको मिश्रण को बहुत ज्यादा गाढ़ा नहीं करना है। 

तीसरा स्टेप- इसे सेट करने के लिए 1 घंटे के लिए रख दें। अब इसे ट्रे से निकालकर अपनी पसंद की शेप में काट लें। एकदम चीजी बर्फी बनकर तैयार है। अब एक प्लेट में नारियल का बुरादा डालें और उसमें तैयार की गई चीजी बर्फी को अच्छी तरह से लपेट लें। इसे एक ट्रे में रखकर सर्व करें। बिना मावा और बहुत कम मेहनत में स्पंजी, चीजी बर्फी बनकर तैयार हैं। आप इन्हें बच्चों को खिलाएंगे तो वो खाते ही जाएंगे।

जब कुछ मीठा खाने का मन हो या घर में अचानक से कोई मेहमान आ गए हों तो चीजी बर्फी एकदम परफेक्ट डिश है। आप इसे 2-3 दिन तक आसानी से खा सकते हैं। इस तरह की चीजी बर्फी आपको बाजार में भी खाने को नहीं मिलेगी। आप इसे एक बार घर में जरूर ट्राई करें, सभी को ये रेसिपी बहुत पसंद आएगी।

 





Source link

Write A Comment