Last Updated:
हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित मनम चॉकलेट कारखाना इन दिनों अपने अनोखे चॉकलेट वॉटरफॉल को लेकर सुर्खियों में है. यहां बहती गाढ़ी चॉकलेट की धारा, लाइव चॉकलेट मेकिंग, फ्री सैंपलिंग और अपनी पसंद की चॉकलेट बनाने का अनुभव पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है.
हैदराबाद. क्या आपने कभी किसी वास्तविक चॉकलेट वॉटरफॉल यानी झरने की कल्पना की है? फिल्म चार्ली एंड द चॉकलेट फैक्ट्री की तर्ज पर हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित मनम चॉकलेट कारखाना में स्थापित एक अनूठा चॉकलेट वॉटरफॉल इन दिनों देश भर के पर्यटकों और चॉकलेट प्रेमियों के लिए आश्चर्य और आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है. इस अनूठे क्राफ्ट चॉकलेट एक्सपीरियंस सेंटर का अनुभव लेने के लिए लोग केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि बेंगलुरु, मुंबई जैसे दूर-दराज के शहरों से भी विशेष रूप से पहुंच रहे हैं. जैसे ही कोई विजिटर इस परिसर के प्रवेश द्वार पर कदम रखता है एक विशाल पारदर्शी संरचना में लगातार बहती गाढ़ी, रेशमी चॉकलेट की धारा हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती है.
यह जलप्रपात न केवल एक अद्भुत दृश्य आनंद देता है बल्कि पूरे परिसर को कोको की मनभावन खुशबू से सराबोर कर देता है. परिसर का यह वॉटरफॉल एक लाइव एक्सप्लोरेशन ज़ोन का प्रवेश द्वार बनता है. यहां विजिटर के लिए फ्री सैंपलिंग सेक्शन बनाया गया है जहां वे बिना किसी झिझक के विभिन्न कोको प्रतिशत और विविध फ्लेवर प्रोफाइल वाली चॉकलेट्स का स्वाद टेस्ट कर सकते हैं. इसके साथ ही, यहां लगा चॉकलेट टैप, पिस्ता पॉप्सिकल और चॉकलेट में डूबा जिलेटो काउंटर युवाओं और बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय हो रहा है. बेंगलुरु से केवल इस झरने और क्राफ्टिंग अनुभव को देखने आए एक पर्यटक सकीना ने बताया कि यह केवल चॉकलेट खरीदने या खाने की जगह नहीं है.
यहां प्रवेश करते ही बहता चॉकलेट वॉटरफॉल और पारदर्शी कांच की दीवारों के पार कोको बीन्स से लेकर फाइनल चॉकलेट बनने की पूरी प्रक्रिया को देखना अपने आप में एक अनोखा और जादुई अनुभव है. इसके अलावा मनम अपने विजिटर को अपनी पसंद की चॉकलेट खुद तैयार करने, उसे पैक करने और प्रियजनों को गिफ्ट करने की अनूठी सुविधा भी प्रदान करता है. नीचे बने लाइव कैफे, हॉट चॉकलेट बार और डेज़र्ट बार के साथ यह स्थान केवल एक स्टोर न रहकर एक मुकम्मल क्राफ्ट चॉकलेट डेस्टिनेशन बन चुका है, जो भारतीय क्राफ्ट उद्योग में एक नया रिकॉर्ड बना रहा है.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें