Last Updated:
Bandha Bhajiya Sabzi Recipe: तैयार मिश्रण को कुछ देर रखने के बाद कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म होने पर मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा करके डालते हुए सुनहरी और कुरकुरी भजिया तल लें. भजिया तैयार होने के बाद इन्हें अलग रख दें.
बिलासपुर. बरसात का मौसम आते ही छत्तीसगढ़ के घरों में पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू महकने लगती है. इन्हीं खास व्यंजनों में शामिल है बांधा (पत्तागोभी) भजिया की सब्जी, जिसे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है. कुरकुरी भजिया और मसालेदार ग्रेवी का यह अनोखा स्वाद रोटी और चावल दोनों के साथ बेहद लाजवाब लगता है.
इस व्यंजन को बनाने के लिए सबसे पहले पत्तागोभी (बांधा गोभी) को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लिया जाता है. इसके बाद एक बर्तन में बेसन, स्वादानुसार नमक, बारीक कटी हरी मिर्च और अन्य मसाले डालकर पानी की मदद से गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. इस घोल में बारीक कटी पत्तागोभी को मिलाकर अच्छी तरह मिक्स किया जाता है.
गरम तेल में तली जाती है कुरकुरी भजिया
तैयार मिश्रण को कुछ देर रखने के बाद कड़ाही में तेल गर्म किया जाता है. तेल अच्छी तरह गर्म होने पर मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा करके डालते हुए सुनहरी और कुरकुरी भजिया तल ली जाती है. भजिया तैयार होने के बाद इन्हें अलग रख दिया जाता है.
मसालेदार ग्रेवी में मिलता है असली स्वाद
अब दूसरी कड़ाही में तेल गर्म कर जीरा या राई का तड़का लगाया जाता है. इसके बाद लहसुन और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भुना जाता है. फिर इसमें टमाटर, नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह भूनते हैं, जिससे मसालों की बेहतरीन खुशबू आने लगती है.
5 से 7 मिनट में तैयार हो जाती है स्वादिष्ट सब्जी
मसाला तैयार होने के बाद इसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर उबाल आने दिया जाता है. उबाल आने पर पहले से तैयार भजिया ग्रेवी में डालकर 5 से 7 मिनट तक पकाया जाता है. इसके बाद स्वादिष्ट भजिया की सब्जी तैयार हो जाती है.
रोटी और चावल के साथ पसंदीदा व्यंजन
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और शहरी इलाकों में यह पारंपरिक व्यंजन बरसात के दिनों में खासतौर पर बनाया जाता है. मसालेदार ग्रेवी में भीगी भजिया का स्वाद रोटी और गरमागरम चावल के साथ लोगों को बेहद पसंद आता है. बरसात में कुछ नया और पारंपरिक स्वाद चखना चाहते हैं, तो पत्तागोभी भजिया की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.