Last Updated:
Tomato Powder Recipe: गर्मी में टमाटर जल्दी खराब होते हैं और कीमतें बढ़ने पर जेब पर भी असर पड़ता है. ऐसे में घर पर बनाया गया टमाटर पाउडर एक शानदार उपाय है. इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है और सही तरीके से रखने पर यह 5 से 6 महीने तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
टमाटर पाउडर बनाने का तरीका
Tomato Powder Recipe: रसोई में कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिनके बिना खाना अधूरा लगता है और टमाटर उनमें सबसे ऊपर आता है. दाल हो, सब्जी हो, चटनी हो या फिर किसी खास ग्रेवी वाली डिश की बात हो, टमाटर स्वाद और रंग दोनों बढ़ा देता है, लेकिन गर्मी के मौसम में टमाटर जल्दी खराब होने लगते हैं और जब इनके दाम अचानक बढ़ जाते हैं तो घर का बजट भी बिगड़ने लगता है. ऐसे में अगर कोई ऐसा तरीका मिल जाए जिससे टमाटर लंबे समय तक सुरक्षित रहें और जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल भी किए जा सकें, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है. टमाटर पाउडर ऐसा ही एक आसान और काम का उपाय है.
इसे घर पर बहुत कम मेहनत में तैयार किया जा सकता है और सही तरीके से रखने पर यह कई महीनों तक खराब नहीं होता. खास बात यह है कि इसका स्वाद भी काफी हद तक ताजे टमाटर जैसा ही बना रहता है. आइए जानते हैं घर पर शुद्ध टमाटर पाउडर बनाने और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने का आसान तरीका.
घर पर टमाटर पाउडर कैसे बनाएं?
टमाटर पाउडर बनाने के लिए सबसे पहले एक से दो किलो अच्छी क्वालिटी के पके हुए टमाटर लें. ध्यान रखें कि टमाटर ज्यादा नरम या खराब न हों. अब इन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि धूल या गंदगी पूरी तरह निकल जाए. इसके बाद टमाटरों को बीच से काट लें और उनके बीज वाला हिस्सा अलग कर दें. बीज वाले हिस्से को फेंकने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इसका इस्तेमाल बाद में ग्रेवी बनाने में किया जा सकता है.
अब टमाटर के पतले-पतले स्लाइस काटकर एक बड़ी प्लेट या ट्रे में फैला दें. कोशिश करें कि सभी स्लाइस अलग-अलग रहें ताकि वे जल्दी सूख सकें. इन स्लाइस को दो से तीन दिन तेज धूप में रखें. बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें ताकि दोनों तरफ से अच्छी तरह सूख जाएं. जब टमाटर पूरी तरह सूखकर कुरकुरे हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर जार में डालकर बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को एक छलनी से छान लें ताकि इसका टेक्सचर एकसार हो जाए. आपका घर का बना शुद्ध टमाटर पाउडर तैयार है.
टमाटर पाउडर को स्टोर करने का सही तरीका
टमाटर पाउडर की शेल्फ लाइफ काफी हद तक इस बात पर निर्भर करती है कि उसे कैसे रखा गया है. पाउडर तैयार होने के बाद उसे पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर एक साफ, सूखे और एयरटाइट कांच के कंटेनर में भर दें. अगर आप चाहते हैं कि इसमें नमी न आए तो कंटेनर में सूखे चावल की एक छोटी पोटली भी रख सकते हैं. यह अतिरिक्त नमी को सोख लेती है और पाउडर को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करती है. सही तरीके से स्टोर करने पर टमाटर पाउडर आराम से 5 से 6 महीने तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
टमाटर की ग्रेवी भी करें तैयार
टमाटर का जो बीज वाला हिस्सा आपने अलग किया था, उससे स्वादिष्ट टमाटर ग्रेवी तैयार की जा सकती है. इसके लिए बीज वाले हिस्से को मिक्सर में डालकर प्यूरी बना लें. अब एक कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें. उसमें हल्दी और लाल मिर्च डालकर हल्का भून लें. इसके बाद तैयार टमाटर प्यूरी डाल दें और मध्यम आंच पर पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो गैस बंद कर दें. ठंडा होने के बाद इसे एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रख दें. जरूरत पड़ने पर इसे सब्जी, दाल या ग्रेवी में इस्तेमाल किया जा सकता है.
टमाटर पाउडर का इस्तेमाल कैसे करें?
टमाटर पाउडर का उपयोग बेहद आसान है. जब भी सब्जी या दाल बनानी हो, एक या दो चम्मच पाउडर को थोड़ा पानी मिलाकर घोल लें और खाने में डाल दें. इससे स्वाद और रंग दोनों बढ़ जाते हैं. इसके अलावा इसका इस्तेमाल टमाटर सूप बनाने में भी किया जा सकता है.
सफर पर जाते समय भी इसे आसानी से साथ रखा जा सकता है क्योंकि यह जगह कम घेरता है और जल्दी खराब नहीं होता. जो लोग रोजाना खाना बनाते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन किचन हैक साबित हो सकता है. इससे टमाटर खराब होने की चिंता भी नहीं रहती और बाजार में दाम बढ़ने पर भी रसोई का स्वाद बना रहता है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें