Dhokla Kadhi Recipe: रोज-रोज वही पराठा, पोहा या नाश्ता खाकर मन भर गया है, तो इस बार राजस्थान के देसी स्वाद वाली ढोकला कढ़ी ट्राई कीजिए. नाम सुनकर आपको गुजरात वाला ढोकला याद आ सकता है, लेकिन यह उससे काफी अलग है. इसका रूप गोल-गोल बाटी जैसा होता है और ऊपर से गरमा-गरम कढ़ी डालकर इसे परोसा जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में घर में आसानी से मिलने वाली चीजों का इस्तेमाल होता है. राजस्थानी घरों में सादा खाना भी अपने मसालों और बनाने के तरीके से खास बन जाता है. इसी तरह लौकी, गेहूं के आटे और बेसन से तैयार होने वाले ये ढोकले देखने में साधारण जरूर लगते हैं, लेकिन कढ़ी के साथ इनका स्वाद बिल्कुल बदल जाता है.
ढोकलों के बीच किया गया छोटा-सा छेद इन्हें अंदर तक अच्छी तरह पकाने में मदद करता है. ऊपर से थोड़ा देसी घी और साथ में खट्टी-चटपटी कढ़ी मिल जाए, तो यह डिश लंच या डिनर दोनों के लिए बढ़िया विकल्प बन सकती है. राजस्थानी महिला द्वारा बताई गई इस आसान विधि से आप भी इसे घर पर बना सकते हैं.
ढोकला कढ़ी के लिए चाहिए ये सामान
इस रेसिपी के लिए एक कटोरी गेहूं का आटा, करीब 4-5 चम्मच बेसन और एक कप कद्दूकस की हुई लौकी लें. इसके अलावा बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज, लहसुन, हरा धनिया और थोड़ा कुटा हुआ साबुत धनिया चाहिए. मसालों में सौंफ, जीरा, अजवाइन, हींग, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. ढोकलों को हल्का फुलाने के लिए थोड़ा मीठा सोडा या पापड़ खार लिया जा सकता है. मोयन के लिए 2-3 चम्मच तेल रखें.
सबसे पहले तैयार करें आटा
एक बड़ी परात में गेहूं का आटा और बेसन डालें. अब इसमें कद्दूकस की हुई लौकी, हरी मिर्च, प्याज और लहसुन मिला दें. इसके बाद सौंफ, अजवाइन, जीरा, हींग, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, कुटा धनिया और नमक डालें. अब इसमें थोड़ा मीठा सोडा और तेल डालकर सभी चीजों को हाथ से अच्छी तरह मिलाएं. यहां एक छोटी-सी बात ध्यान रखने वाली है-लौकी पानी छोड़ती है, इसलिए शुरुआत में ज्यादा पानी डालने की जरूरत नहीं है. सामग्री मिलाने के बाद जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी डालें और मध्यम सख्त आटा गूंथ लें.
(इमेज AI)
बाटी जैसे आकार में बनाएं ढोकले
आटा तैयार होने के बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. हथेलियों के बीच घुमाकर इन्हें गोल करें और हल्का चपटा कर दें. अब हर लोई के बीच उंगली से एक छोटा छेद बना दें. यह छेद सिर्फ आकार के लिए नहीं है. इससे भाप अंदर तक पहुंचती है और ढोकला बीच से कच्चा रहने की समस्या कम होती है. अगर पहली बार बना रहे हैं, तो लोइयों को बहुत बड़ा न रखें. छोटे आकार के ढोकले जल्दी और बराबर पकते हैं.
भाप में पकाने का सही तरीका
एक गहरी कड़ाही या स्टीमर में पानी गर्म करें. अंदर स्टैंड रखकर उसके ऊपर जाली वाली प्लेट रखें. जाली पर थोड़ा तेल लगा दें, ताकि ढोकले चिपकें नहीं. अब तैयार ढोकलों को जाली पर थोड़ी दूरी बनाकर रखें. ढक्कन लगाकर इन्हें मध्यम आंच पर करीब 20-22 मिनट तक भाप में पकाएं. समय ढोकलों के आकार और आंच के हिसाब से थोड़ा कम-ज्यादा हो सकता है. पकने के बाद एक ढोकले में चाकू या टूथपिक डालकर देखें. अगर वह साफ निकलता है, तो ढोकले तैयार हैं.
View this post on Instagram