Last Updated:
IIT खड़गपुर के छात्रों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे तूफान में गिरे कच्चे आमों से हॉस्टल में देसी आम का अचार बनाते दिख रहे हैं. इस नैचुरल और रिलेटेबल वीडियो ने लोगों को अपने कॉलेज दिनों और घर की याद दिला दी. छात्रों की यह सिंपल लेकिन क्रिएटिव पहल इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रही है.
IIT खड़गपुर के छात्रों ने तूफान में गिरे आमों से हॉस्टल में अचार बनाया
गर्मी, तूफान, हॉस्टल और आम का अचार… सुनने में यह किसी गांव की गर्मियों की कहानी लग सकती है, लेकिन इस बार मामला देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में से एक IIT खड़गपुर का है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें IIT के छात्र तूफान में पेड़ों से गिरे कच्चे आमों से हॉस्टल के अंदर अचार बनाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में न कोई दिखावा है, न कोई ट्रेंडिंग स्टंट, बल्कि वही छोटी-छोटी चीजें हैं जो लोगों को अपने घर और पुराने दिनों की याद दिला रही हैं. यही वजह है कि यह वीडियो लाखों लोगों को बेहद रिलेटेबल लग रहा है. खास बात यह है कि पढ़ाई और प्रोजेक्ट्स के बीच छात्रों की यह देसी जुगाड़ वाली क्रिएटिविटी इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रही है.
इंस्टाग्राम वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @ajay_patel_iitvlogs नाम के अकाउंट से शेयर किया गया. वीडियो की शुरुआत में छात्र अजय पटेल अपने दोस्त नारायण का परिचय कराते हुए कहते हैं, “IIT के छात्र भी आम का अचार बनाते हैं, चलिए दिखाते हैं.” इसके बाद वीडियो में हॉस्टल के अंदर अचार बनाने की पूरी तैयारी दिखाई देती है. कटे हुए कच्चे आम, मसालों की प्लेट, धूप में सूखते टुकड़े और दोस्तों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत इन सबने वीडियो को बेहद नैचुरल बना दिया.
कैसे शुरू हुआ अचार बनाने का आइडिया?
तूफान में गिरे आम बने वजह
वीडियो में नारायण बताते हैं कि हाल ही में आए तूफान के कारण हॉस्टल परिसर में लगे आम के पेड़ों से काफी कच्चे आम गिर गए थे. शुरुआत में छात्रों ने इन्हें ऐसे ही देखा, लेकिन बाद में किसी ने मजाक में अचार बनाने की बात कही और फिर वही मजाक एक छोटे से “हॉस्टल प्रोजेक्ट” में बदल गया. नारायण वीडियो में बताते हैं कि आमों को पहले काटा गया, फिर उनमें हल्दी और नमक मिलाया गया. कुछ देर रखने के बाद उन्हें धूप में सुखाने के लिए रखा गया ताकि अचार लंबे समय तक टिक सके.
देसी मसालों की खुशबू ने बढ़ाया स्वाद
वीडियो में अचार के लिए तैयार किए गए मसाले भी दिखाए गए. इसमें सरसों, सौंफ, कलौंजी और मेथी जैसे पारंपरिक मसाले शामिल थे. छात्रों ने बताया कि मसालों को हल्का दरदरा पीसा जाएगा ताकि अचार का स्वाद बिल्कुल घर जैसा लगे. यही छोटी-छोटी डिटेल्स लोगों को वीडियो से जोड़ रही हैं. कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि उन्हें अपने घर की रसोई और गर्मियों की छुट्टियां याद आ गईं.
View this post on Instagram