Sattu Pudina Sharbat Recipe: गर्मी का मौसम शुरू होते ही सबसे बड़ी परेशानी होती है शरीर को ठंडा और तरोताजा रखना. तेज धूप, पसीना और लगातार बढ़ता तापमान शरीर की एनर्जी को जल्दी खत्म कर देता है. ऐसे समय में लोग बाजार की कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेट वाले जूस पीना शुरू कर देते हैं, लेकिन ये हर बार शरीर के लिए अच्छे नहीं होते, अगर आप इस बार कुछ हेल्दी, स्वादिष्ट और घर पर झटपट बनने वाला ड्रिंक ट्राई करना चाहते हैं, तो सत्तू और पुदीने से बना शरबत आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. सत्तू को देसी सुपरफूड कहा जाता है. यह शरीर को ठंडक देने के साथ लंबे समय तक एनर्जी बनाए रखने में मदद करता है.

वहीं पुदीना शरीर को फ्रेश महसूस कराता है और गर्मी की बेचैनी कम करने में मददगार माना जाता है. खास बात यह है कि इस शरबत को बनाने में ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और सिर्फ 5 मिनट में यह तैयार हो जाता है, अगर आप रोज-रोज एक जैसा ड्रिंक पीकर बोर हो चुके हैं, तो यह देसी शरबत आपके दिन को पूरी तरह रिफ्रेश कर सकता है. बच्चे हों या बड़े, हर किसी को इसका स्वाद पसंद आता है.

सत्तू-पुदीना शरबत बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-3 बड़े चम्मच सत्तू
-1 मुट्ठी ताजा पुदीना पत्तियां
-1 से 2 चम्मच चीनी या गुड़ पाउडर
-1 गिलास ठंडा पानी
-4 से 5 बर्फ के टुकड़े
-थोड़ा सा नींबू रस

शरबत बनाने की आसान विधि
सबसे पहले पुदीने की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें ताकि उसमें मिट्टी या गंदगी न रहे. अब मिक्सर में पुदीना, थोड़ा पानी और चीनी या गुड़ डालकर स्मूद पेस्ट बना लें. इसके बाद एक बड़े बाउल या गिलास में सत्तू डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते जाएं और चम्मच की मदद से अच्छी तरह घोलें. ध्यान रखें कि इसमें गांठें न रहें. अब तैयार पुदीने का पेस्ट सत्तू वाले मिश्रण में डाल दें और अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद बचा हुआ ठंडा पानी और बर्फ डालें, अगर आपको हल्का खट्टा स्वाद पसंद है, तो ऊपर से थोड़ा नींबू रस भी मिला सकते हैं. बस आपका ठंडा-ठंडा सत्तू-पुदीना शरबत तैयार है. इसे तुरंत सर्व करें और गर्मी में कूल-कूल महसूस करें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

गर्मी में क्यों फायदेमंद है ये शरबत?

1. शरीर को ठंडा रखने में मददगार
सत्तू की तासीर ठंडी मानी जाती है. यही वजह है कि गर्मियों में इसे पीने से शरीर को राहत मिलती है और अंदर से ठंडक महसूस होती है.

2. लू और डिहाइड्रेशन से बचाव
तेज गर्मी में शरीर में पानी की कमी जल्दी होने लगती है. यह शरबत शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और थकान कम महसूस होती है.

3. इंस्टेंट एनर्जी देता है
अगर आप दिनभर की भागदौड़ के बाद थकान महसूस कर रहे हैं, तो एक गिलास सत्तू-पुदीना शरबत तुरंत एनर्जी देने में मदद कर सकता है.

4. पेट को लंबे समय तक भरा रखता है
सत्तू पेट को देर तक भरा रखने में मदद करता है. ऐसे में बार-बार भूख नहीं लगती और अनहेल्दी स्नैक्स खाने की आदत भी कम हो सकती है.

5. पाचन को बेहतर बनाता है
पुदीना और सत्तू दोनों पेट के लिए अच्छे माने जाते हैं. यह ड्रिंक गर्मी में होने वाली भारीपन और गैस जैसी परेशानी को कम करने में मदद कर सकता है.

कब पीना सबसे ज्यादा फायदेमंद रहेगा?
आप इस शरबत को सुबह नाश्ते के बाद पी सकते हैं. दोपहर की तेज गर्मी में यह शरीर को ठंडक देता है. वहीं शाम को थकान महसूस होने पर भी यह ड्रिंक काफी रिफ्रेशिंग लगता है. वर्क फ्रॉम होम करने वाले लोग, बाहर काम करने वाले लोग और बच्चों के लिए भी यह एक अच्छा समर ड्रिंक बन सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें ज्यादा मसालों की जरूरत नहीं पड़ती और इसका स्वाद काफी हल्का और फ्रेश होता है.

बाजार की ड्रिंक्स से क्यों बेहतर है ये देसी शरबत?
आजकल लोग गर्मी में कोल्ड ड्रिंक ज्यादा पीने लगे हैं, लेकिन उनमें शुगर की मात्रा काफी ज्यादा होती है. वहीं घर पर बना सत्तू-पुदीना शरबत नेचुरल और हेल्दी ऑप्शन माना जाता है. इसमें आप अपनी पसंद के हिसाब से चीनी या गुड़ की मात्रा भी कम-ज्यादा कर सकते हैं. कम खर्च में बनने वाला यह ड्रिंक स्वाद और सेहत दोनों का अच्छा कॉम्बिनेशन है. यही वजह है कि गांवों से लेकर शहरों तक लोग गर्मियों में सत्तू का सेवन करना पसंद करते हैं.



Source link

Write A Comment