Last Updated:
Chana Dal Pakora Tips: बारिश के मौसम में गरमा-गरम और कुरकुरे चना दाल के पकोड़े चाय के साथ बेहद स्वादिष्ट लगते हैं. इन्हें बनाते समय बस कुछ बातों का ध्यान रखना है और आपके पकौड़े बहुत ही टेस्टी बनेंगे. ये टिप्स और ट्रिक्स आम पकौड़ों को खास बना देते हैं.
जमशेदपुर. बारिश के मौसम में गरमा-गरम और कुरकुरे चना दाल के पकोड़े चाय के साथ मिल जाएं तो स्वाद ही अलग होता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह साफ करके धो लें. यहां सबसे जरूरी बात यह है कि चना दाल को 3 घंटे से ज्यादा पानी में भिगोकर न रखें. बारिश के मौसम में ज्यादा देर तक भिगोने से दाल जरूरत से ज्यादा नरम हो सकती है और पकोड़ों का स्वाद व टेक्सचर प्रभावित हो सकता है. लगभग 2 से 3 घंटे भिगोने के बाद दाल का पानी पूरी तरह निकाल दें.
कम पानी से पीसें दाल
अब भीगी हुई चना दाल को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि दाल को बिल्कुल महीन पेस्ट नहीं बनाना है. थोड़ा दरदरा रहने से पकोड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से स्वादिष्ट बनेंगे. अगर जरूरत लगे तो केवल थोड़ा सा पानी डालें, क्योंकि ज्यादा पानी डालने से मिश्रण पतला हो सकता है. पिसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकाल लें और इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालें.
कुरकुरा करने के लिए अपनाएं ये ट्रिक
अब मिश्रण में थोड़ा लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, जीरा और चुटकी भर हींग डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. पकोड़ों को ज्यादा कुरकुरा बनाने के लिए इसमें थोड़ा सा चावल का आटा भी मिलाया जा सकता है. सभी सामग्री को हाथ से अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट के लिए रख दें. मिश्रण न तो बहुत पतला होना चाहिए और न ही बहुत सूखा. ऐसा मिश्रण तैयार करें जिसे हाथ से आसानी से आकार देकर तेल में डाला जा सके.
लो टू मीडियम हीट पर तलें
अब कड़ाही में पर्याप्त तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा तेज गर्म नहीं होना चाहिए, वरना पकोड़े बाहर से जल्दी लाल हो जाएंगे, लेकिन अंदर से अच्छी तरह नहीं पकेंगे. तेल गर्म होने के बाद हाथ से थोड़ी-थोड़ी दाल का मिश्रण लेकर छोटे आकार के पकोड़े बनाते हुए कड़ाही में डालें. एक साथ बहुत ज्यादा पकोड़े न डालें, ताकि तेल का तापमान बना रहे और सभी पकोड़े अच्छी तरह सिक सकें.
टिश्यू पर रखें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए
पकोड़ों को मध्यम आंच पर बीच-बीच में पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. जब पकोड़ों का रंग हल्का सुनहरा हो जाए और बाहर से अच्छी तरह कुरकुरे दिखाई देने लगें, तब इन्हें कड़ाही से निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, जिससे अतिरिक्त तेल निकल जाए. इसी तरह पूरे मिश्रण से गरमा-गरम चना दाल के पकोड़े तैयार कर लें.
इन दो बातों का रखें ध्यान
बारिश के मौसम में इन पकोड़ों का स्वाद बढ़ाने के लिए इन्हें हरी धनिया-पुदीने की चटनी, इमली की मीठी चटनी या गर्मागर्म चाय के साथ परोसें. सबसे खास बात फिर याद रखें—चना दाल को 3 घंटे से ज्यादा न भिगोएं और दाल को दरदरा पीसें. इसी तरीके से बनाए गए पकोड़े बाहर से शानदार कुरकुरे और अंदर से स्वादिष्ट बनेंगे.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें