Delhi Ram Laddu Recipe: आपने कभी दिल्ली की गलियों में घूमते हुए सड़क किनारे मिलने वाले राम लड्डू खाए हैं, तो उनका चटपटा स्वाद शायद आज भी आपकी जुबान पर होगा. नाम भले ही “लड्डू” हो, लेकिन इसका मिठास से कोई लेना-देना नहीं है. यह कुरकुरा, हल्का तीखा और मसालेदार स्ट्रीट फूड है, जिसे कद्दूकस की हुई मूली, हरी चटनी और ऊपर से डाले गए मसालों के साथ परोसा जाता है. यही वजह है कि दिल्ली के लोगों के बीच इसकी अलग पहचान है, अगर आप दिल्ली से बाहर रहते हैं और इस मशहूर स्वाद को घर पर आजमाना चाहते हैं, तो अब यह बिल्कुल आसान है.
मशहूर शेफ रणवीर बरार ने अपनी खास रेसिपी में बताया है कि राम लड्डू कैसे बनाए जाते हैं और इन्हें फूला हुआ, हल्का और स्वाद से भरपूर बनाने का सही तरीका क्या है. आइए जानते हैं घर पर बिल्कुल बाजार जैसे राम लड्डू बनाने की आसान रेसिपी.
राम लड्डू बनाने के लिए जरूरी चीजें
1. 2 कप मूंग दाल
2. 1 कप उड़द दाल
3. आधा कप चना दाल
4. 1 इंच अदरक
5. 2 हरी मिर्च
6. स्वादानुसार नमक
7. तलने के लिए तेल
हरी चटनी के लिए
1. मूली के पत्ते
2. धनिया पत्ती
3. 1 इंच अदरक
4. 2 हरी मिर्च
5. नमक
6. 1 नींबू
7. 1 तीखी मूली
सबसे पहले दाल तैयार करें
राम लड्डू का असली स्वाद उसकी सही बैटर में छिपा होता है. इसके लिए मूंग दाल, उड़द दाल और चना दाल को अच्छी तरह धोकर 5 से 6 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें. इससे दाल नरम हो जाएगी और आसानी से पिस जाएगी. शेफ रणवीर बरार का कहना है कि तीनों दालों का अनुपात आप अपनी पसंद के हिसाब से थोड़ा बदल सकते हैं, लेकिन मूंग दाल की मात्रा ज्यादा रखने से स्वाद बेहतर आता है.
ऐसे तैयार करें बैटर
भीगी हुई दाल का पानी निकाल दें. अब इसमें कटा हुआ अदरक और हरी मिर्च डालकर मिक्सर में पीस लें. ध्यान रखें कि पानी बहुत कम डालें, ताकि बैटर गाढ़ा रहे. मिक्सर लगातार चलाने की बजाय थोड़ी-थोड़ी देर में चलाएं, जिससे वह ज्यादा गर्म न हो. पीसने के बाद बैटर को बड़े बर्तन में निकालें और स्वादानुसार नमक मिलाकर 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें. ऐसा करने से बैटर में हवा भरती है और राम लड्डू तलने के बाद हल्के और फूले हुए बनते हैं.
मूली के पत्तों का पेस्ट क्यों जरूरी है?
शेफ रणवीर बरार बताते हैं कि अगर आप बैटर में मूली के पत्तों का पेस्ट नहीं मिलाएंगे, तो इसका स्वाद साधारण दाल के पकौड़ों जैसा लगेगा. इसलिए मूली के पत्तों को थोड़ा पानी डालकर पीस लें और इस पेस्ट को बैटर में अच्छी तरह मिला दें. यही छोटी-सी ट्रिक राम लड्डू को उनका असली स्वाद देती है.
तलते समय इन बातों का रखें ध्यान
कढ़ाई में तेल डालकर उसे मीडियम गर्म करें. तेल न ज्यादा ठंडा होना चाहिए और न ही बहुत तेज गर्म, अगर तेल ठंडा होगा तो बैटर फैल जाएगा, जबकि बहुत गर्म तेल में राम लड्डू ऊपर से जल्दी पक जाएंगे और अंदर से कच्चे रह सकते हैं. अब हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे गोले बनाकर तेल में डालें और हल्का सुनहरा होने तक तलें. बीच-बीच में पलटते रहें ताकि चारों तरफ से बराबर रंग आए.
ऐसे बनाएं चटपटी हरी चटनी
मिक्सर में मूली के पत्ते, धनिया, अदरक, हरी मिर्च और नमक डालकर बारीक पीस लें. जरूरत हो तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं. दूसरी तरफ मूली को कद्दूकस कर लें और उसमें बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया और थोड़ा नींबू का रस मिला दें.
सर्व करने का सही तरीका
गरमागरम राम लड्डू को प्लेट में निकालें. ऊपर से कद्दूकस की हुई मूली डालें, फिर हरी चटनी फैलाएं. चाहें तो थोड़ा चाट मसाला और नींबू का रस भी डाल सकते हैं. कई लोग इसे दही के साथ भी खाना पसंद करते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आप घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो यह दिल्ली का मशहूर स्ट्रीट फूड जरूर ट्राई करें. सही बैटर, सही तापमान पर तलने का तरीका और मूली के पत्तों का खास स्वाद इसे बाकी दाल के पकौड़ों से बिल्कुल अलग बना देता है.