Last Updated:

Deoghar Famous 5 Rs Jalebi-Samosa Combo: देवघर के जसीडीह सब्जी मार्केट में दिलीप यादव सालों से जलेबी और समोसे का कॉम्बो बेच रहे हैं. शुरुआत में कीमत एक रुपये थी जो आज बढ़कर ढाई रुपये हो गई है पर ग्राहकों का प्यार कम नहीं हुआ. दिलीप इसे ही अपनी पूंजी मानते हैं और महंगाई के इस समय में भी 5 रुपये में एक जलेबी, एक समोसा देते हैं.

ख़बरें फटाफट

देवघर. देवघर में महंगाई लगातार बढ़ रही है. आज जिले के ज्यादातर होटल और नाश्ते की दुकानों पर एक समोसा 8 से 10 रुपये तक बिक रहा है. ऐसे समय में जसीडीह सब्जी मार्केट की एक छोटी-सी दुकान लोगों के लिए मिसाल बनी हुई है. यहां आज भी सिर्फ ढाई रुपये में समोसा और ढाई रुपये में जलेबी मिल जाती है. सबसे खास बात यह है कि इस दुकान की शुरुआत साल 2008 में महज एक रुपये के समोसे और एक रुपये की जलेबी से हुई थी. करीब 18 साल बाद भी दुकानदार ने कीमत में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की है. यही वजह है कि इस दुकान पर हर दिन ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ लगी रहती है.

क्या कहते हैं दुकानदार
दुकान चलाने वाले दिलीप यादव बताते हैं कि जब उन्होंने दुकान शुरू की थी, तब उनका मकसद सिर्फ कमाई करना नहीं था, बल्कि हर वर्ग के लोगों को सस्ता और स्वादिष्ट नाश्ता खिलाना था. समय के साथ आटा, आलू, तेल, गैस और बाकी सभी सामानों के दाम कई गुना बढ़ गए, लेकिन उन्होंने ग्राहकों का साथ नहीं छोड़ा. आज भी वह सिर्फ ढाई रुपये में समोसा और जलेबी बेच रहे हैं. उनका कहना है कि कम मुनाफे में काम चल जाता है, लेकिन ग्राहकों के चेहरे पर खुशी देखकर उन्हें सबसे ज्यादा संतोष मिलता है.

सबसे ज्यादा बच्चे लेते हैं समोसे-जलेबी का आनंद
दिलीप यादव बताते हैं कि उनकी दुकान पर सबसे ज्यादा बच्चे आते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि आसपास कई स्कूल हैं. स्कूल की छुट्टी होते ही बच्चे सीधे उनकी दुकान पर पहुंच जाते हैं. कई बच्चों के पास जेब खर्च बहुत कम होता है. ऐसे में वे आसानी से कुछ रुपये में समोसा और जलेबी खाकर अपना मन भर लेते हैं. दुकानदार का कहना है कि अगर कीमत ज्यादा कर देंगे, तो गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए यहां खाना मुश्किल हो जाएगा. इसलिए उन्होंने आज भी कीमत कम ही रखी है.

लोगों को खूब पसंद आता है यह समोसा-जलेबी
स्वाद की बात करें, तो यहां बनने वाला समोसा और गरमा-गरम जलेबी लोगों को खूब पसंद आता है. सुबह से ही दुकान पर नाश्ता करने वालों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है. कोई समोसे के साथ चाय पीता है, तो कोई जलेबी का स्वाद लेता है. कई ग्राहक ऐसे भी हैं, जो वर्षों से इसी दुकान पर आते रहे हैं. उनका कहना है कि स्वाद में आज भी कोई बदलाव नहीं आया है. यही वजह है कि नई पीढ़ी के साथ-साथ पुराने ग्राहक भी इस दुकान से जुड़े हुए हैं.

हर दिन 500-500 पीस समोसे-जलेबी की हो जाती है बिक्री
दिलीप यादव के अनुसार उनकी दुकान से हर दिन करीब 500 समोसे और 500 पीस जलेबी की बिक्री हो जाती है. इतनी कम कीमत होने के बावजूद बिक्री अच्छी होने से उनका कारोबार ठीक-ठाक चल जाता है. दूर-दूर से आने वाले लोग भी इस दुकान का स्वाद चखने जरूर पहुंचते हैं. जसीडीह सब्जी मार्केट में स्थित यह छोटी-सी दुकान आज अपने सस्ते दाम, बेहतरीन स्वाद और ग्राहकों के भरोसे की वजह से एक अलग पहचान बना चुकी है. महंगाई के इस दौर में भी ढाई रुपये में समोसा और जलेबी खिलाने वाले दिलीप यादव की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment