Bihari Makuti Recipe: कभी-कभी मीठा खाने का मन हो तो घर में सबसे पहले खीर, हलवा या सेवई बनाने का ख्याल आता है, लेकिन अगर आप इस बार कुछ अलग और देसी स्वाद वाली मिठाई ट्राई करना चाहते हैं, तो बिहार की पारंपरिक मकुटी आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है. यह मिठाई कम सामग्री में तैयार हो जाती है और इसका स्वाद गुड़ की मिठास के साथ चावल की सोंधी खुशबू लिए होता है. बिहार के कई घरों में इसे खास मौकों, पूजा-पाठ और पारिवारिक आयोजनों के दौरान बनाया जाता है.

इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बाजार से बहुत सारी चीजें लाने की जरूरत नहीं पड़ती. चावल का आटा, गुड़, घी और कुछ सामान्य सामग्री से मकुटी तैयार की जा सकती है, अगर घर में बच्चे हैं तो इसे छोटे आकार में बनाकर उन्हें भी परोसा जा सकता है. तो चलिए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट मकुटी बनाने का आसान तरीका.

मकुटी बनाने के लिए क्या चाहिए?
मकुटी की रेसिपी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बेहद साधारण है. इसके लिए आपको 1 कप चावल का आटा, आधा कप कद्दूकस किया हुआ गुड़, आधा कप पानी, 3 बड़े चम्मच घी, आधा छोटी चम्मच इलायची पाउडर और 2 बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ नारियल चाहिए. इसके अलावा सजाने के लिए थोड़े कटे हुए बादाम और काजू लिए जा सकते हैं.

गुड़ की मिठास बनाएगी स्वाद खास
मकुटी का स्वाद काफी हद तक गुड़ की क्वालिटी पर निर्भर करता है. इसलिए बहुत ज्यादा तीखा या कड़वा स्वाद देने वाले गुड़ की जगह साफ और अच्छे स्वाद वाला गुड़ इस्तेमाल करें, अगर गुड़ में गंदगी नजर आए तो चाशनी बनाने के बाद उसे छान लेना बेहतर रहता है.

घर पर मकुटी बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक पैन में आधा कप पानी डालकर गर्म करें. पानी हल्का गर्म होने लगे तो इसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें. गुड़ को धीमी आंच पर चलाते रहें, जब तक वह पूरी तरह पानी में घुल न जाए. अब इस मिश्रण को छान लें, जिससे गुड़ में मौजूद किसी भी तरह की अशुद्धि अलग हो जाए. इसके बाद छानी हुई गुड़ की चाशनी को दोबारा पैन में डालकर हल्का गर्म करें. अब इसमें धीरे-धीरे चावल का आटा डालते जाएं और दूसरी तरफ लगातार चलाते रहें. यह काम थोड़ा ध्यान से करना जरूरी है, क्योंकि आटा डालते समय अगर मिश्रण को नहीं चलाया गया तो इसमें गुठलियां बन सकती हैं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर एकसार होने लगे तो इसमें इलायची पाउडर डालें. स्वाद पसंद हो तो कद्दूकस किया हुआ नारियल भी मिला सकते हैं. अब इसे कुछ देर चलाने के बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को इतना ठंडा होने दें कि उसे हाथ से संभाला जा सके.

मकुटी को दें मनपसंद आकार
हाथों पर थोड़ा घी लगाएं और तैयार मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां लेकर उन्हें गोल या हल्का अंडाकार आकार दें, अगर आप इसे मेहमानों के लिए बना रहे हैं तो सभी मकुटी का आकार लगभग एक जैसा रखें. इससे परोसते समय यह ज्यादा अच्छी लगेगी. तैयार मकुटी के ऊपर हल्का घी लगाएं और कटे हुए काजू-बादाम से सजाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा नारियल भी डाला जा सकता है. इसे हल्का गर्म या सामान्य तापमान पर परोसा जा सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

रेसिपी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
मकुटी बनाते समय सबसे जरूरी बात है कि चावल का आटा गुड़ के पानी में डालते समय लगातार चलाया जाए. इससे मिश्रण चिकना रहेगा और गुठलियां नहीं बनेंगी. दूसरी बात, गुड़ की चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा न करें, वरना आटा मिलाने के बाद मिश्रण जरूरत से ज्यादा सख्त हो सकता है. अगर पहली बार बना रहे हैं तो मकुटी का आकार छोटा रखें. इससे इसे संभालना आसान रहेगा और खाने में भी सुविधाजनक लगेगी. घर में उपलब्ध मेवों के हिसाब से काजू-बादाम की मात्रा कम-ज्यादा की जा सकती है. मकुटी की यही खासियत इसे रोजमर्रा की मिठाइयों से थोड़ा अलग बनाती है. इसमें न लंबी तैयारी की जरूरत है और न ही बहुत सारी सामग्री की. गुड़, चावल और घी से तैयार होने वाली यह देसी मिठाई त्योहार के साथ-साथ किसी सामान्य दिन में भी मीठे की इच्छा पूरी कर सकती है.



Source link

Write A Comment