Last Updated:

Aam Gudamma Recipe: बरसात के मौसम में कच्चे आम से बनने वाला गुड़म्मा गांवों का एक पारंपरिक और स्वाद से भरपूर व्यंजन है. कच्चे आम, गुड़ और देसी मसालों से तैयार यह खट्टा-मीठा पकवान आज भी ग्रामीण रसोई की खास पहचान बना हुआ है. अगर आप भी घर पर इसका देसी स्वाद लेना चाहते हैं, तो जानिए आम का गुड़म्मा बनाने की आसान विधि.

सुल्तानपुर: बरसात का मौसम आते ही बाजारों और बागों में कच्चे आम की भरमार होने लगती है. इसी मौसम में गांवों की रसोई में कई पारंपरिक व्यंजन भी तैयार किए जाते हैं, जिनमें गुड़म्मा का अपना अलग ही स्वाद और महत्व है. कच्चे आम, गुड़ और देसी मसालों से बनने वाला यह पारंपरिक व्यंजन खट्टे-मीठे स्वाद का बेहतरीन मेल होता है. ग्रामीण इलाकों में आज भी इसे बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है. अगर आप भी इस देसी स्वाद का मजा लेना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं गांव की पारंपरिक रेसिपी आम का गुड़म्मा बनाने का आसान तरीका.

गुड़म्मा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
व्यंजन एक्सपर्ट सविता श्रीवास्तव ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि आम का गुड़म्मा बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती है. इसके लिए लगभग आधा किलो कच्चे या अधपके आम, 250 ग्राम गुड़, थोड़ा पानी और स्वादानुसार सौंफ व इलायची ली जा सकती है. कुछ लोग इसमें थोड़ा काला नमक भी मिलाते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है.

गुड़म्मा बनाने की विधि
आम का गुड़म्मा बनाने के लिए सबसे पहले आमों को अच्छी तरह धोकर उनका छिलका उतार लें. इसके बाद आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अगर आम बहुत खट्टा हो तो उसका बीज अलग कर दें. कटे हुए आम को एक साफ बर्तन में रख लें, ताकि आगे की प्रक्रिया आसानी से की जा सके. गुड़म्मा का स्वाद काफी हद तक आम की क्वालिटी पर भी निर्भर करता है, इसलिए कोशिश करें कि ताजे और अच्छे आम ही चुने जाएं.

क्या होता है गुड़म्मा?
आम का गुड़म्मा उत्तर भारत, खासकर अवध और पूर्वांचल क्षेत्र का एक पारंपरिक व्यंजन माना जाता है. इसे कच्चे या हल्के पके आम और गुड़ से तैयार किया जाता है. आम के मौसम में गांव-घर में इसे खास तौर पर बनाया जाता है. इसका स्वाद मीठा, हल्का खट्टा और काफी लाजवाब होता है, इसलिए इसे लोग बड़े शौक से खाते हैं.

आम और गुड़ को ऐसे पकाएं
सबसे पहले गुड़ की चाशनी तैयार कर लें. जब चाशनी बन जाए, तो उसमें कटे हुए आम के टुकड़े डाल दें. इसके बाद इस मिश्रण को धीमी आंच पर पकाएं. पकते-पकते आम नरम होने लगता है और गुड़ का स्वाद उसमें अच्छी तरह समा जाता है. बीच-बीच में इसे चलाते रहें, ताकि मिश्रण बराबर पकता रहे. करीब 15 से 20 मिनट में यह गाढ़ा होकर तैयार हो जाता है. आखिर में चाहें तो इसमें सौंफ और इलायची डाल सकते हैं, इससे इसकी खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Write A Comment