Crispy Snacks Recipe: शाम की चाय के साथ जब कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का मन करे, तो हर बार बाजार से समोसे या कचौड़ी लाने की जरूरत नहीं है. घर में रखे गेहूं के आटे और कुछ उबले आलू से आप ऐसा नाश्ता तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद में समोसे की याद दिलाएगा और देखने में भी काफी बढ़िया लगेगा. खास बात यह है कि इसमें मैदा की जरूरत नहीं पड़ती. आलू में प्याज, हरी मिर्च, चाट मसाला और कई मसाले मिलाकर तैयार की गई स्टफिंग इस नाश्ते को अंदर से चटपटा बनाती है. वहीं, गेहूं के आटे, सफेद तिल और चिली फ्लेक्स से तैयार किया गया घोल तलने के बाद बाहर से अच्छी कुरकुरी परत देता है, अगर घर में बच्चे हैं तो उन्हें भी यह नाश्ता काफी पसंद आ सकता है.
इसे आप शाम की चाय के अलावा अचानक आए मेहमानों के लिए भी जल्दी बना सकते हैं. चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
सबसे पहले तैयार करें चटपटा आलू मसाला
इस नाश्ते का असली स्वाद इसकी आलू वाली स्टफिंग में छिपा है. इसके लिए चार उबले आलू लें और उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, कसा हुआ अदरक, हरी मिर्च और बारीक कटा हरा धनिया डालें. इसके बाद स्वाद के अनुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, थोड़ी सी हींग और चाट मसाला मिलाएं. सभी चीजों को हाथ या चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिक्स करें. ध्यान रखें कि आलू में ज्यादा पानी न हो, वरना स्टफिंग भरते समय बाहर निकल सकती है.
कुरकुरेपन के लिए बनाएं खास आटे का घोल
अब एक कटोरी में करीब एक चौथाई कप गेहूं का आटा लें. इसमें थोड़ा नमक, चिली फ्लेक्स, सफेद तिल और बारीक कटा हरा धनिया डालें. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए इसका घोल तैयार करें. घोल की कंसिस्टेंसी पर खास ध्यान दें. यह बहुत पतला होगा तो नाश्ते पर अच्छी तरह नहीं चिपकेगा और ज्यादा गाढ़ा होगा तो इसकी परत भारी हो सकती है. घोल ऐसा रखें जो नाश्ते की सतह पर आसानी से कोट हो जाए.
(इमेज AI)
छोटी पूड़ियां बेलकर भरें आलू की स्टफिंग
अब गेहूं के आटे की एक बड़ी लोई लें और इसे थोड़ा पतला बेल लें. किसी गिलास या छोटी कटोरी की मदद से गोल-गोल पूड़ियां काट लें. इससे सभी पूड़ियां लगभग एक जैसी आकार की बन जाएंगी और नाश्ता भी देखने में अच्छा लगेगा. एक पूड़ी को हथेली पर रखें और उसके आधे हिस्से पर तैयार आलू का मसाला रखें. अब पूड़ी को मोड़कर दूसरे हिस्से को आलू की स्टफिंग के ऊपर ले आएं. किनारों को उंगलियों से हल्का दबाकर बंद कर दें. चाहें तो किनारों पर कांटे की मदद से हल्की डिजाइन भी बना सकते हैं.
आटे के घोल में डुबोकर करें फ्राई
जब सारी पूड़ियां तैयार हो जाएं तो उन्हें एक-एक करके गेहूं के आटे वाले घोल में डुबोएं. ध्यान रखें कि नाश्ते की पूरी सतह पर घोल की हल्की परत चढ़ जाए. सफेद तिल और चिली फ्लेक्स की वजह से तलने के बाद इसका स्वाद और लुक दोनों अच्छे आएंगे. अब कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल बहुत तेज गर्म न हो, वरना बाहर की परत जल्दी सिक जाएगी और अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं होगा. मध्यम आंच पर नाश्ते को धीरे-धीरे तेल में डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें. जब बाहर से रंग सुनहरा और सतह कुरकुरी दिखाई देने लगे तो इसे तेल से निकाल लें. अतिरिक्त तेल सोखने के लिए टिशू पेपर पर रखें.
हरी चटनी के साथ करें सर्व
गरमा-गरम गेहूं के आटे और आलू का यह नाश्ता हरी चटनी, मीठी चटनी या दही के साथ परोसा जा सकता है. चाय के साथ इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है, अगर आप तेल थोड़ा कम इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इसे कम तेल में शैलो फ्राई करने की कोशिश भी कर सकते हैं, हालांकि डीप फ्राई करने पर इसकी बाहरी परत ज्यादा कुरकुरी बनती है.