आयरलैंड दौरे से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। टीम ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज शेन मैकडरमॉट को नया असिस्टेंट और फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। अनुभवी कोच मैकडरमॉट 1 अगस्त से टीम के साथ जुड़ेंगे और उनकी पहली चुनौती आयरलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज होगी।
हाल ही में छोड़ा पाकिस्तान का साथ
45 साल के शेन मैकडरमॉट मौजूदा मुख्य कोच रिचर्ड पाइबस के साथ काम करेंगे। पाइबस ने इसी साल फरवरी में जोनाथन ट्रॉट की जगह अफगानिस्तान टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। अब मैकडरमॉट के जुड़ने से टीम को फील्डिंग और सहायक कोचिंग विभाग में भी नया अनुभव मिलेगा।
मैकडरमॉट को इंटरनेशनल क्रिकेट में फील्डिंग कोच के तौर पर लंबा अनुभव है। उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के साथ तीन साल तक असिस्टेंट फील्डिंग कोच की भूमिका निभाई, जबकि श्रीलंका के साथ भी तीन सालों तक काम किया। हाल ही में वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑल-फॉर्मेट फील्डिंग कोच थे और जुलाई 2025 से जुलाई 2026 तक इस जिम्मेदारी को संभाला। हालांकि, पाकिस्तान का साथ छोड़ने का उनका फैसला उस समय काफी चौंकाने वाला माना गया था।
अफगान टीम के सामने आयरलैंड की चुनौती
अफगानिस्तान की टीम अब आयरलैंड के खिलाफ ODI सीरीज की तैयारियों में जुटी है। इस सीरीज में रहमत शाह पहली बार ODI टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की ODI सीरीज का पहला मुकाबला 5 अगस्त को खेला जाएगा। सीरीज के शुरुआती दो ODI ब्रेडी में 5 और 7 अगस्त को खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमें बेलफास्ट का रुख करेंगी, जहां शेष तीन मुकाबले 10, 12 और 15 अगस्त को आयोजित होंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि शेन मैकडरमॉट के अनुभव का फायदा टीम की फील्डिंग और समग्र प्रदर्शन में देखने को मिलेगा। आगामी ODI सीरीज टीम के लिए नई कोचिंग व्यवस्था और नए नेतृत्व के साथ एक अहम परीक्षा साबित होगी।
आयरलैंड दौरे के लिए अफगानिस्तान की टीम: रहमत शाह (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (उप-कप्तान), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), नांग्याल खारोताई, राशिद खान, एएम गजनफर, यामीन अहमदजई, सलीम सफी, फजलहक फारूकी, जिया उर रहमान शरीफी।
रिजर्व प्लेयर: कैस अहमद, फरीद मलिक, बिलाल सामी, बशीर अहमद।
यह भी पढ़ें:
वेस्टइंडीज की जीत ने WTC 2025-27 अंकतालिका में पाकिस्तान का किया बुरा हाल, भारतीय टीम इस पोजीशन पर
वैभव सूर्यवंशी ने ICC Rankings में मचाया तहलका, लगाई 230 स्थानों की छलांग; पहुंचे इस नंबर पर