Last Updated:
No Onion Garlic Recipes: बिना प्याज और लहसुन के खाना बनाना स्वाद से समझौता करना नहीं है. सही मसालों और कुछ आसान कुकिंग ट्रिक्स से शाही पनीर, आलू-टमाटर और कश्मीरी दम आलू जैसी स्वादिष्ट डिशेज तैयार की जा सकती हैं.
बिना प्याज-लहसुन के बनाएं ये 3 टेस्टी डिनर रेसिपी (Image-AI generated)
No Onion Garlic Recipes: कभी पूजा-पाठ का दिन हो, कोई त्योहार हो या घर में सात्विक भोजन बनाने का मन ऐसे मौकों पर सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर डिनर में ऐसा क्या बनाया जाए जो स्वादिष्ट भी हो और बिना प्याज-लहसुन के भी सबको पसंद आए. अगर आपको भी लगता है कि इन दोनों चीजों के बिना ग्रेवी वाली सब्जियों का स्वाद फीका पड़ जाता है, तो शायद आपने सही मसालों और कुकिंग टेक्नीक का इस्तेमाल नहीं किया है. भारतीय रसोई की खासियत ही यही है कि थोड़ी सी समझदारी से साधारण सामग्री को भी बेहद खास बनाया जा सकता है.
काजू-मखाने की रिच ग्रेवी से लेकर सौंफ-सोंठ वाले मसालों तक, कई विकल्प मौजूद हैं. आइए जानते हैं तीन ऐसी डिनर रेसिपीज, जो बिना प्याज-लहसुन के भी खाने की मेज पर खूब तारीफ बटोर सकती हैं.
शाही पनीर को दें सात्विक ट्विस्ट
शाही पनीर का नाम सुनते ही अक्सर क्रीमी और रिच ग्रेवी का ख्याल आता है. अच्छी बात यह है कि इसके लिए प्याज-लहसुन जरूरी नहीं हैं. आप टमाटर, काजू और मखाने की मदद से एक शानदार ग्रेवी तैयार कर सकते हैं. इसके लिए पके हुए टमाटर, काजू और थोड़े मखाने को पानी के साथ पीसकर स्मूथ पेस्ट बना लें. कड़ाही में घी गर्म करके जीरा, तेजपत्ता, दालचीनी और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. अब इसमें तैयार पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें. ग्रेवी को क्रीमी बनाने के लिए थोड़ा दूध या मलाई मिलाएं. आखिर में पनीर के टुकड़े और कसूरी मेथी डालकर कुछ मिनट पकाएं. इसे रोटी, नान या जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है.
हलवाई स्टाइल आलू-टमाटर की सब्जी
पूरी और पराठे के साथ लगेगी शानदार- आलू-टमाटर की सब्जी उन व्यंजनों में शामिल है, जिन्हें बनाने के लिए बहुत ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती. बिना प्याज-लहसुन के भी इसका स्वाद बेहद बढ़िया आता है.
उबले हुए आलू को हाथ से मोटा-मोटा तोड़ लें. अब सरसों के तेल में हींग, जीरा, सौंफ और थोड़ा कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें. इसके बाद कटे हुए टमाटर और हरी मिर्च डालकर पकाएं. टमाटर नरम हो जाएं तो हल्दी, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च और अमचूर डालें. मसाला अच्छी तरह भुनने के बाद आलू और पानी डालकर करीब 10 मिनट पकाएं. ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा गरम मसाला डालें. यह सब्जी पूरी, पराठे और चावल तीनों के साथ अच्छी लगती है.
कश्मीरी दम आलू का स्वाद भी करें ट्राई
कश्मीरी दम आलू उन डिशेज में से है, जिसमें प्याज और लहसुन के बिना भी स्वाद की कोई कमी महसूस नहीं होती. यहां सौंफ, सोंठ और कश्मीरी लाल मिर्च इसका असली स्वाद उभारते हैं. छोटे आलुओं को छीलकर उनमें कांटे से हल्के छेद करें और सुनहरा होने तक तल लें. अब दही में कश्मीरी लाल मिर्च, सौंफ पाउडर, सोंठ और जीरा पाउडर मिलाएं. कड़ाही में तेल गर्म करके हींग डालें और दही का मिश्रण धीरे-धीरे मिलाते हुए पकाएं. दही को फटने से बचाने के लिए लगातार चलाते रहें. मसाला तेल छोड़ने लगे तो तले हुए आलू और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर करीब 15 मिनट पकाएं. बिना प्याज-लहसुन का डिनर बनाते समय असली खेल मसालों के संतुलन और सही तरीके से भूनने का है. इसलिए अगली बार सात्विक खाना बनाते हुए स्वाद को लेकर चिंता करने के बजाय इन तीन रेसिपीज में से कोई एक जरूर आजमाएं. हो सकता है, खाने की मेज पर सबसे ज्यादा तारीफ इसी डिश को मिले.
About the Author
मीडिया की दुनिया में मेरा सफर एक रेडियो जॉकी के रूप में शुरू हुआ था, जहां शब्दों की ताकत से श्रोताओं के दिलों तक पहुंच बनाना मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि रही. माइक के पीछे की यह जादुई दुनिया ही थी जिसने मुझे इलेक्ट्र…और पढ़ें