रणवीर सिंह 2025 और 2026 में लगातार दर्शकों के बीच छाए रहे। ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ की ब्लॉकबस्टर सफलता ने सबको हैरान कर दिया। आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब रणवीर सिंह अपनी नई फिल्म की शूटिंग में जुट गए हैं। अभिनेता इन दिनों मुंबई में जॉम्बी थ्रिलर ‘प्रलय’ की शूटिंग कर रहे हैं, जिसके सेट से उनकी तस्वीरें-वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिसे देखने के बाद रणवीर सिंह के फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। खासतौर पर रणवीर का लुक देखने के बाद एक बार फिर फैंस को ‘धुरंधर’ के हमजा अली मजारी की याद आ गई है। सोशल मीडिया पर अलग-अलग फैन अकाउंट से फोटो-वीडियो वायरल हो रहे हैं।
धांसू लुक में दिखे रणवीर सिंह
सामने आई तस्वीरों और वीडियो में रणवीर सिंह लंबे बाल और लंबी दाढ़ी वाले लुक में नजर आ रहे हैं। सेट हर तरफ से तबाही जैसे मंजर का संकेत दे रहा है। रणवीर से साथ कल्याणी प्रियदर्शन भी नजर आ रही हैं, जिनके कंधे पर एक बैग है। वहीं तबाही के मंजर से भरी सड़क पर चलते रणवीर ने सामने बैग टांग रखा है और उनके कंधे पर एक बच्चा भी नजर आ रहा है। वायरल तस्वीरों और वीडियोज ने रणवीर सिंह के फैंस की उत्सुकता काफी बढ़ा दी है। खासतौर पर रणवीर के लंबे बालों और दाढ़ी ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है।
जॉम्बी थ्रिलर फिल्म है प्रलय
‘प्रलय’ की बात करें तो ये एक सर्वाइवल जॉम्बी थ्रिलर फिल्म है, जिसके साथ कल्याणी प्रियदर्शन हिंदी सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं। इस फिल्म की कहानी एक भयानक महामारी और इस महामारी के बातद मची तबाही से जूझ रही मुंबई पर आधारित है। फिल्म की कहानी एक ऐसे कपल के इर्द-गिर्द घूमती है जो इस महामारी और तबाही के बीच अपने परिवार को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। बता दें, रणवीर सिंह इस फिल्म को अपने बैनर ‘मा कसम फ़िल्म्स’ के तहत को-प्रोड्यूस भी कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं, जो ‘लुटेरे’ और ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं।
दूसरी बार पिता बनने वाले हैं रणवीर सिंह
पर्सनल लाइफ की बात करें तो रणवीर सिंह जल्दी ही दूसरी बार पिता बनने वाले हैं। दीपिका और रणवीर ने इसी साल एक खूबसूरत पोस्ट के जरिए दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था। बताया जा रहा है कि रणवीर ने मेकर्स से अपने दूसरे बच्चे के जन्म के पहले पैटरनिटी लीव भी मांगी है, ताकि वह इस दौरान वह दीपिका के साथ रह सकें और दोनों मिलकर अपने बच्चे का इस दुनिया में स्वागत करें।
ये भी पढ़ेंः ‘धुरंधर’ की सफलता पर रणवीर सिंह ने जताई खुशी, फ्लॉप दौर पर छलका दर्द, बोले- ‘मेरी फिल्में नहीं चल रही थीं’