Last Updated:

लौकी और चने की दाल की सब्जी एक स्वादिष्ट और पौष्टिक भारतीय रेसिपी है. इसे बनाना आसान है और यह प्रोटीन, फाइबर से भरपूर है. तो इसे एक बार इस तरीके से बनाकर जरूर ट्राई करें.

Top Deals Inside

बच्चे भी लौकी की सब्जी खाएंगे बेहद स्वाद से, बनाइए चने की दाल से ये खास रेसिपीZoom

लौकी की सब्जी भी आने लगेगी पसंद. जानिये इसे बनाने का ये तरीका. Image AI

लौकी का नाम सुनते ही कई लोग मुंह बना लेते हैं, खासकर बच्चे. लेकिन अगर लौकी को चने की दाल के साथ खास अंदाज में बनाया जाए तो इसका स्वाद इतना बेहतरीन हो जाता है कि हर कोई उंगलियां चाटता रह जाए. लौकी और चने की दाल की सब्जी एक पारंपरिक भारतीय रेसिपी है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है. इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मिलते हैं. यह रेसिपी रोजमर्रा के खाने को खास बनाने का आसान तरीका है.

आवश्यक सामग्री

500 ग्राम लौकी (छिली और कटी हुई)
1/2 कप चने की दाल
2 टमाटर बारीक कटे हुए
1 हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच जीरा
1/4 छोटा चम्मच हींग
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 बड़ा चम्मच तेल या घी
नमक स्वादानुसार
हरा धनिया सजाने के लिए

बनाने की विधि

  • सबसे पहले चने की दाल को अच्छी तरह धोकर लगभग 30 मिनट के लिए भिगो दें. इससे दाल जल्दी पकती है और स्वाद भी अच्छा आता है.
  • अब कुकर में तेल या घी गर्म करें. इसमें जीरा और हींग डालें. जब जीरा चटकने लगे तो हरी मिर्च और कटे हुए टमाटर डालकर भूनें. इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च डालकर मसालों को अच्छी तरह पकाएं.
  • जब मसाले तेल छोड़ने लगें, तब उसमें कटी हुई लौकी और भीगी हुई चने की दाल डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं. अब स्वादानुसार नमक डालें और लगभग डेढ़ कप पानी डालकर कुकर का ढक्कन बंद कर दें.
  • मध्यम आंच पर तीन से चार सीटी आने तक पकाएं. कुकर का प्रेशर निकलने के बाद ढक्कन खोलें और सब्जी को हल्का सा चलाएं. यदि सब्जी में ज्यादा पानी हो तो कुछ मिनट तक खुला पकाकर गाढ़ा कर लें.

स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

अगर आप सब्जी का स्वाद और बढ़ाना चाहते हैं तो अंत में एक छोटा चम्मच घी डाल सकते हैं. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालने से खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं. कुछ लोग इसमें लहसुन का तड़का भी लगाते हैं, जिससे इसका स्वाद और लाजवाब हो जाता है.

रोटी और चावल दोनों के साथ बेहतरीन

चने की दाल वाली लौकी की सब्जी गर्म-गर्म रोटी, पराठे या सादे चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. यह हल्की होने के कारण पाचन के लिए भी अच्छी मानी जाती है. अगर आपके घर में लौकी पसंद नहीं की जाती, तो एक बार यह खास रेसिपी जरूर ट्राई करें. यकीन मानिए, लौकी की सब्जी खाने से कतराने वाले लोग भी इसकी तारीफ करते नहीं थकेंगे.



Source link

Write A Comment