Stale Roti Snack Recipe: कई बार घर में बची हुई रोटियां अगले दिन काम की नहीं लगतीं और उन्हें फेंकने का मन बन जाता है, लेकिन अगर इन्हीं बासी रोटियों से कुछ ऐसा तैयार हो जाए, जो देखने में आइसक्रीम कोन जैसा लगे और स्वाद में समोसे को टक्कर दे, तो बात ही अलग है. आजकल घर पर नए-नए स्नैक ट्राई करने का चलन बढ़ रहा है. खासकर शाम की चाय के साथ अगर कुछ कुरकुरा और मसालेदार मिल जाए, तो साधारण दिन भी थोड़ा खास लगने लगता है. ऐसे में बासी रोटी से बनने वाला यह चटपटा स्नैक काफी काम का हो सकता है.
इसे बनाने के लिए अलग से बाजार से ज्यादा सामान लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में रखे आलू, मसाले और रोटी से ही इसकी तैयारी हो जाएगी. सबसे दिलचस्प बात इसका लुक है. रोटी को आइसक्रीम कोन का आकार देकर उसमें मसालेदार आलू की स्टफिंग भरी जाती है. ऊपर से सेव और केचअप डालने पर यह देखने में भी काफी मजेदार लगती है.
बासी रोटी से बनाएं मजेदार स्नैक
बची हुई रोटी को नया स्वाद देने का यह तरीका उन दिनों के लिए अच्छा है, जब घर में कुछ जल्दी और अलग बनाने का मन हो. इसका स्वाद समोसे जैसा मसालेदार और बाहरी परत काफी कुरकुरी बनाई जा सकती है.
सबसे पहले रोटी को काटें
इसके लिए बासी रोटी लें और उसे सेंटर से काटकर चार बराबर ट्रायंगल टुकड़ों में बांट लें. रोटी काटने के लिए चाकू या कटर का इस्तेमाल किया जा सकता है. कोशिश करें कि टुकड़े बहुत छोटे न हों, ताकि उनमें आसानी से स्टफिंग भरी जा सके.
तैयार करें आटे का घोल
अब एक कटोरी में करीब एक चम्मच गेहूं का आटा या मैदा लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. घोल बहुत पतला नहीं होना चाहिए, क्योंकि इसी की मदद से रोटी को कोन का आकार दिया जाएगा और किनारे भी चिपकेंगे.
आलू की चटपटी स्टफिंग बनाएं
अब आलू उबालकर ठंडे करें और उनके छिलके निकाल लें. आलू को अच्छी तरह मैश करने के बाद इसमें लाल मिर्च, धनिया पाउडर, चाट मसाला, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें, अगर आपको प्याज पसंद है तो बारीक कटा कच्चा प्याज भी इसमें डाल सकते हैं. चाहें तो प्याज को हल्का भूनकर भी आलू में मिलाया जा सकता है. इससे स्टफिंग का स्वाद और बेहतर हो जाता है.
रोटी को दें आइसक्रीम कोन का आकार
अब रोटी के एक ट्रायंगल टुकड़े को उठाएं. इसके एक किनारे पर तैयार आटे का घोल लगाएं और दोनों किनारों को मिलाकर कोन जैसा आकार दें. हाथ से हल्का दबाकर किनारे को चिपका दें, ताकि तलते समय रोटी खुल न जाए. इसके बाद तैयार आलू की स्टफिंग को कोन के अंदर सावधानी से भरें. बहुत ज्यादा स्टफिंग भरने से कोन टूट सकता है, इसलिए मात्रा का ध्यान रखें.
अब बारी है फ्राई करने की
कड़ाही में तेल गर्म करें. इस बीच स्टफ किए हुए कोन के खुले हिस्से पर भी थोड़ा आटे का घोल लगा दें. तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद कोन को सावधानी से कड़ाही में डालें. इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. बहुत तेज आंच पर तलने से रोटी बाहर से जल्दी ब्राउन हो सकती है, जबकि अंदर की परत उतनी कुरकुरी नहीं बनेगी. इसलिए आंच का ध्यान रखना जरूरी है.
सेव और केचअप से दें स्ट्रीट फूड वाला अंदाज
सभी कोन तलने के बाद इन्हें कुछ देर अतिरिक्त तेल निकलने दें. अब ऊपर की तरफ थोड़ा टमाटर केचअप लगाएं और सेव नमकीन में हल्का रोल कर दें. इससे इसका स्वाद चटपटा हो जाएगा और देखने में भी यह किसी स्ट्रीट फूड स्नैक जैसी लगेगी. बच्चों के लिए इसे सर्व करते समय ऊपर से थोड़ी मीठी-खट्टी चटनी भी डाली जा सकती है. वहीं बड़ों के लिए हरी चटनी या तीखी चटनी इसका स्वाद और बढ़ा सकती है.
बासी रोटी फेंकने से पहले आजमाएं यह तरीका
रोटी बच जाने पर हर बार उसे फेंकना जरूरी नहीं है. थोड़ी सी रचनात्मकता से वही रोटी शाम के नाश्ते का मजेदार हिस्सा बन सकती है. खासकर जब अचानक मेहमान आ जाएं या बच्चों को कुछ नया खाने का मन हो, तब यह रेसिपी आसानी से काम आ सकती है.