Last Updated:
Arbi ke Patte ke Pakode Ki Recipe: बरसात के मौसम में गरमागरम चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन कर रहा है? तो इस बार घर पर बनाएं अरबी के पत्ते के स्वादिष्ट पकोड़े. यह लाजवाब स्नैक आपके शाम के नाश्ते को और भी खास बना देगा. इसकी आसान रेसिपी जानने के लिए आगे पढ़ें और इस मॉनसून में अपने परिवार को एक नया स्वाद दें…
Arbi ke Patte ke Pakode Ki Recipe: बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम चाय और कुरकुरे पकौड़ों की याद हर किसी को आने लगती है. अगर इस बार आप आलू, प्याज या पालक के पकौड़ों से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो अरबी के पत्तों के पकोड़े बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. कई राज्यों में इन्हें अलग-अलग नामों से जाना जाता है और इनका स्वाद इतना खास होता है कि एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से मसालेदार ये पकोड़े शाम की चाय का मजा कई गुना बढ़ा देते हैं. आइए जानते हैं अरबी के पत्तों के पकोड़े बनाने के लिए जरूरी सामग्री और आसान विधि.
अरबी के पत्ते के पकोड़े बनाने के लिए मुख्य सामग्री
- 8-10 ताजे और बड़े अरबी के पत्ते
- 2 कप बेसन
- 2 बड़े चम्मच चावल का आटा (अधिक कुरकुरापन के लिए)
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- एक चुटकी हींग
- 1 छोटा चम्मच अजवाइन
- स्वादानुसार नमक
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट (वैकल्पिक)
- 1-2 चम्मच इमली का गूदा या नींबू का रस
- आवश्यकतानुसार पानी
- तलने के लिए तेल
अरबी के पत्ते के पकोड़े बनाने की विधि
सबसे पहले बेसन, चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, अजवाइन, जीरा, हींग और नमक को एक बर्तन में अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें इमली का गूदा या नींबू का रस डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर ना ज्यादा पतला हो और ना ही बहुत ज्यादा गाढ़ा.
अरबी के पत्तों की करें तैयारी
अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अगर पत्तों की मोटी डंठल या नसें हों तो उन्हें हल्का-सा चाकू की मदद से समतल कर दें, ताकि पत्ते आसानी से मुड़ सकें. अब एक पत्ता बिछाकर उस पर तैयार बेसन का मिश्रण अच्छी तरह फैलाएं. इसके ऊपर दूसरा पत्ता रखें और फिर उसी तरह मिश्रण लगाएं. इसी प्रक्रिया को 3 से 4 पत्तों तक दोहराएं. इसके बाद पत्तों को सावधानी से कसकर रोल बना लें.
ऐसे पकाएं पकोड़े
तैयार रोल को पहले 15 से 20 मिनट तक स्टीम कर लें. ठंडा होने पर इसे आधा-एक इंच मोटे गोल टुकड़ों में काट लें. अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. चाहें तो इन्हें हल्के तेल में शैलो फ्राई भी कर सकते हैं.
परोसने का तरीका
गरमा-गरम अरबी के पत्तों के पकोड़ों को हरी धनिया की चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें. साथ में अदरक वाली गर्म चाय हो तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. बरसात के मौसम में यह पारंपरिक स्नैक परिवार और मेहमानों दोनों को बेहद पसंद आएगा.
About the Author
पराग शर्मा Hindi News18 Digital में Chief Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र, राशि और वास्तु से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेद…और पढ़ें