Last Updated:
Chukandar Chaas Recipe: चुकंदर छाछ गर्मियों के लिए एक हेल्दी और रिफ्रेशिंग ड्रिंक है. यह शरीर को ठंडक देने, डाइजेशन सुधारने और स्किन ग्लो बढ़ाने में मदद करती है. घर में आसानी से बनने वाली यह ड्रिंक अब लोगों की नई पसंद बन रही है.
चुकंदर छाछ की आसान रेसिपी
Chukandar Chaas Recipe: गर्मी बढ़ते ही लोगों की खानपान की आदतें भी बदलने लगती हैं. कोई ठंडी लस्सी ढूंढता है तो कोई मसाला छाछ का सहारा लेता है. लेकिन इस बार सोशल मीडिया और हेल्थ एक्सपर्ट्स के बीच जिस देसी ड्रिंक की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है चुकंदर छाछ. गुलाबी रंग की यह हेल्दी ड्रिंक सिर्फ देखने में आकर्षक नहीं लगती, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा रखने, डाइजेशन सुधारने और स्किन को नेचुरल ग्लो देने में भी मददगार मानी जा रही है. खास बात यह है कि इसे घर में मौजूद सामान्य चीजों से कुछ ही मिनटों में तैयार किया जा सकता है. यही वजह है कि अब लोग कोल्ड ड्रिंक्स छोड़कर ऐसी हेल्दी देसी ड्रिंक्स की तरफ तेजी से लौट रहे हैं.
गर्मियों में अक्सर लोगों को एसिडिटी, अपच और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं परेशान करती हैं. ऐसे में चुकंदर छाछ एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प बनकर सामने आ रही है. कई लोग इसे मॉर्निंग ड्रिंक की तरह भी इस्तेमाल कर रहे हैं क्योंकि यह पेट को हल्का रखने के साथ लंबे समय तक हाइड्रेटेड महसूस कराती है.
बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आ रहा स्वाद
इस छाछ की सबसे दिलचस्प बात इसका गुलाबी रंग है. आमतौर पर बच्चे हेल्दी चीजें खाने-पीने में आनाकानी करते हैं, लेकिन चुकंदर छाछ का रंग और हल्का मसालेदार स्वाद उन्हें आसानी से पसंद आ जाता है. यही वजह है कि कई घरों में अब यह शाम के स्नैक या दोपहर के खाने के साथ सर्व की जा रही है.
स्किन और गट हेल्थ के लिए फायदेमंद
हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि चुकंदर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स स्किन को हेल्दी रखने में मदद करते हैं. वहीं दही पेट में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ाने का काम करता है. जब दोनों चीजें साथ मिलती हैं तो शरीर को डबल फायदा मिलता है.
घर पर ऐसे तैयार करें चुकंदर छाछ
जरूरी सामग्री
-1 छोटा उबला हुआ चुकंदर
-2 कप दही
-10-12 पुदीना पत्तियां
-अदरक का छोटा टुकड़ा
-थोड़ा हरा धनिया
-1.5 चम्मच भुना जीरा पाउडर
-1 चम्मच काला नमक
-स्वादानुसार नमक
-आधा कप पानी
-कुछ बर्फ के टुकड़े
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले उबले हुए चुकंदर को छोटे टुकड़ों में काट लें. अब मिक्सर जार में चुकंदर, अदरक, पुदीना और हरा धनिया डालकर पीस लें. अगर आपको हल्का तीखा स्वाद पसंद है तो इसमें हरी मिर्च भी डाल सकते हैं.
इसके बाद भुना जीरा, काला नमक और सामान्य नमक मिलाएं. फिर बर्फ डालकर एक बार अच्छी तरह ब्लेंड करें ताकि स्मूद पेस्ट तैयार हो जाए. अब इसमें दही डालें और दोबारा ब्लेंड करें. जरूरत लगे तो थोड़ा पानी मिलाकर छाछ को पतला कर सकते हैं. तैयार चुकंदर छाछ को गिलास में निकालें और ऊपर से थोड़ा जीरा पाउडर या पुदीना डालकर सर्व करें. ठंडी-ठंडी यह ड्रिंक गर्मी में तुरंत राहत देने का काम करती है.
देसी ड्रिंक की तरफ लौट रहे लोग
पिछले कुछ सालों में हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ी है. अब लोग पैकेज्ड ड्रिंक्स की जगह घर में बनने वाले पारंपरिक पेय पदार्थों को ज्यादा महत्व दे रहे हैं. चुकंदर छाछ भी इसी बदलती सोच का हिस्सा बन चुकी है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें