Last Updated:
Monsoon Snack Recipe: बारिश के मौसम में अगर आपका मन कुछ गरमागरम और चटपटा खाने का है तो बघेलखंडी स्टाइल के मूंग-मसूर दाल के मंगौड़े बना सकते हैं. दरदरी पिसी दाल, प्याज, हरी मिर्च और देसी मसालों से तैयार ये मंगौड़े बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से नरम बनते हैं.
Snack Recipe: बारिश का मौसम आते ही मन कुछ गरमागरम, चटपटा और देसी खाने का करने लगता है. ऐसे में अगर घर पर ही कुछ ऐसा बनाया जाए जो बाहर से एकदम कुरकुरा और अंदर से नरम हो तो मजा ही अलग है. बघेलखंडी स्टाइल के मूंग और मसूर दाल के मंगौड़े ऐसी ही एक देसी डिश है. इन्हें बनाना आसान है और सही तरीके से तैयार करने पर इनका स्वाद इतना बढ़िया आता है कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करेगा.
मूंग-मसूर की दाल से तैयार होगा स्वादिष्ट नाश्ता
लोकल 18 से बातचीत में मंगौड़े बनाने के लिए सबसे पहले आधा कप बिना छिलके वाली मूंग दाल और आधा कप मसूर दाल लें. दोनों दालों को अच्छी तरह धोकर करीब 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. फिर जब दाल फूल जाए तो इसका पूरा पानी निकाल दें. अब भीगी हुई दाल को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें. कोशिश करें कि दाल पीसते समय पानी का इस्तेमाल न के बराबर हो. दाल का पेस्ट बहुत ज्यादा महीन नहीं होना चाहिए क्योंकि दरदरी दाल से बने मंगौड़े ज्यादा अच्छे और कुरकुरे बनते हैं.
प्याज, मिर्च और धनिया बढ़ाएंगे देसी स्वाद
दाल पीसने के बाद इसे एक बड़े बर्तन में निकाल लें. अब इसमें दो बारीक कटे प्याज, दो से तीन बारीक कटी हरी मिर्च, एक चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक और करीब आधा कप बारीक कटा हरा धनिया डालें. इसके साथ मुट्ठी भर बारीक कटे कढ़ी पत्ते भी मिला सकते हैं. मसालों की बात करें तो इसमें स्वाद के अनुसार नमक, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी और एक छोटा चम्मच हल्का कुचला हुआ साबुत धनिया डालें. इसके अलावा आधा छोटा चम्मच सौंफ, एक चौथाई छोटा चम्मच हींग और आधा छोटा चम्मच गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
मंगौड़े को सॉफ्ट और कुरकुरा बनाने का देसी तरीका
अब बारी आती है उस तरीके की जिससे मंगौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम बनेंगे. तैयार मिश्रण को हाथ या चम्मच की मदद से करीब 2 से 3 मिनट तक एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटें. इससे दाल का मिश्रण थोड़ा हल्का और हवादार हो जाएगा. यही वजह है कि तलने के बाद मंगौड़े अंदर से ज्यादा सॉफ्ट रहते हैं और बाहर से अच्छी तरह क्रिस्पी बनते हैं
तेल का तापमान सही रखना बेहद जरूरी
अब एक भारी तले की कढ़ाई में तेल गर्म करें. तेल को मध्यम आंच पर गर्म करना बेहतर रहेगा. तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो दाल के मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या मनचाहे आकार में तेल में डालते जाएं. मंगौड़ों को मध्यम से धीमी आंच पर धीरे-धीरे तलें और बीच-बीच में पलटते रहें. जब इनका रंग चारों तरफ से सुनहरा भूरा हो जाए और बाहरी परत करारी दिखाई दे, तब इन्हें तेल से बाहर निकाल लें.
हरी चटनी और गर्म चाय के साथ करें सर्व
मंगौड़े अच्छी तरह तल जाने के बाद इन्हें छलनी की मदद से निकालकर कुछ देर अतिरिक्त तेल निकलने दें. इन कुरकुरे मंगौड़ों का स्वाद तीखी धनिया-पुदीने की हरी चटनी के साथ और बढ़ जाता है. अगर आपको खट्टा-मीठा स्वाद पसंद है तो इमली की चटनी के साथ भी इन्हें परोसा जा सकता है. बारिश के मौसम में गरमा-गरम चाय के साथ मूंग-मसूर के ये देसी मंगौड़े शाम के नाश्ते के लिए शानदार विकल्प हैं.
बघेलखंडी अंदाज की खासियत ही यही है कि साधारण सामग्री से भी ऐसा स्वाद तैयार हो जाता है जिसे लंबे समय तक याद रखा जा सकता है. घर में मौजूद दाल, प्याज, हरी मिर्च और मसालों से तैयार होने वाले ये मंगौड़े बारिश की शाम को देसी स्वाद का मजा देने के लिए काफी हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ें