Agra Famous Chicken Curry: उत्तर प्रदेश के आगरा को मुगल धरोहरों के अलावा यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए भी जाना जाता है. आगरा में वेज और नॉनवेज खाना बेहद प्रसिद्ध है. आज हम आपको आगरा की एक ऐसी चिकन ग्रेवी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे खाते ही आप उसके दीवाने हो जाएंगे. आगरा के सिकंदरा स्थित नगला चुचाना रोड पर बने ढाबे पर बेहद स्वादिष्ट चिकन मिलता है. यहां का चिकन इतना मशहूर है कि दूर-दराज से लोग यहां खाने के लिए आते हैं. यहां के दुकानदार ने बताया कि उनके यहां के कारीगर के हाथ में ऐसा जादू है कि लोग कच्चा चिकन लाकर भी कारीगर से बनवाते हैं.

उन्होंने कहा कि घर के मसालों और खड़े मसालों से इसे तैयार किया जाता है. ग्रेवी को गाढ़ा बनाने के लिए अलग से कोई चीज़ नहीं डाली जाती है, जिससे इसका स्वाद बेहद लाजवाब होता है और इसी शुद्धता के कारण दूर-दराज से लोग यहां चिकन खाने के लिए आते हैं.

सीक्रेट मसालों और शुद्धता का अनोखा संगम
आगरा के सिकंदरा स्थित नगला चुचाना के पास के चिकन कारीगर आकाश ने बताया कि उनके यहां का चिकन आस-पास ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों तक मशहूर है. उन्होंने दावा किया कि जो एक बार यहां चिकन खा लेता है, वह उनका परमानेंट ग्राहक बन जाता है. दरअसल, शुद्ध सरसों का तेल, घर के मसाले और खड़े मसालों से इसे बनाया जाता है, जिससे इसका स्वाद बहुत अच्छा हो जाता है और यही कारण है कि लोग दूर-दूर से यहां खींचे चले आते हैं.

आकाश ने बताया कि ग्रेवी के लिए वह टमाटर, प्याज़, अदरक, लहसुन आदि का इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने कहा कि सबसे पहले इन सबका पेस्ट बनाकर तैयार किया जाता है, उससे पहले चिकन को साफ़ कर लिया जाता है और साफ़ पानी में उसे धो लिया जाता है; इसके बाद ही ग्रेवी तैयार की जाती है.

कुकर में ऐसे तैयार होती है जादुई चिकन ग्रेवी
उन्होंने कहा कि ग्रेवी तैयार करने से पहले शुद्ध सरसों के तेल में खड़े मसाले डाले जाते हैं. जैसे ही वह तेल में अच्छे से मिल जाते हैं, उसमें पहले प्याज़ का पेस्ट, फिर टमाटर का पेस्ट और फिर अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट डाला जाता है. सभी पेस्ट को धीमी आंच पर कुछ देर तक भुना जाता है. मसाले यदि चिपकते हैं, तो उसमें थोड़ा सा गर्म पानी डाला जाता है. अब करीब 15 से 20 मिनट तक इसे मिक्स करते रहना होता है.

इसके बाद चिकन के पीस इसमें डाले जाते हैं और जैसा पानी यानी जैसी ग्रेवी बनानी है, उस आधार और ज़रूरत के हिसाब से पानी डाला जाता है. करीब 2 से 3 सीटी (कुकर में) आने के बाद गैस बंद कर देनी है. गैस निकल जाने के बाद उसमें ऊपर से ताज़ा हरा धनिया, पिसा हुआ थोड़ा अदरक और हल्का सा गर्म मसाला ऐड कर देना है, आप देखेंगे कि आपकी स्वादिष्ट चिकन ग्रेवी तैयार है.

60 किलोमीटर दूर से आते हैं मुरीद, एडवांस में बुक होते हैं ऑर्डर
आगरा के सिकंदरा स्थित नगला चुचाना के पास आकाश ढाबे के कारीगर आकाश ने बताया कि वह शुद्ध तेल और मसालों का इस्तेमाल करते हैं और यही वजह है कि साफ़-सफाई और शुद्धता देखकर ग्राहक उनके पास खिंचा आता है. उन्होंने कहा कि उनके पास 50-60 किलोमीटर दूर से भी कई ग्राहक आते हैं. आकाश ने बताया कि कई ग्राहक तो आने से पहले ही फोन पर अपना ऑर्डर बुक कर देते हैं, तो उसी हिसाब से उनका चिकन भी तैयार कर दिया जाता है. उन्होंने बताया कि ग्रेवी बनाने में सिर्फ टमाटर, प्याज़, अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का इस्तेमाल किया जाता है, उसमें किसी प्रकार की और कोई मिलावट नहीं की जाती है.

बिना बेसन की गाढ़ी ग्रेवी और ये है इसकी कीमत
आकाश ने बताया कि कई लोग ग्रेवी को गाढ़ी करने के लिए बेसन आदि का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे इसका स्वाद बिगड़ जाता है, जो ग्राहकों को भी पसंद नहीं आता है. उन्होंने कहा कि उनके यहां ऐसा कुछ नहीं होता है, जिस कारण लोग यहां आकर बड़े चाव से खाते हैं. उन्होंने रेट लिस्ट की जानकारी देते हुए कहा कि यदि कोई ग्राहक 1 किलो कच्चा माल (चिकन) लाकर बनवाता है तो मेकिंग चार्ज 250 रुपये लगते हैं, और यदि कोई ग्राहक उन्हीं से सबकुछ तैयार लेता है, तो मात्र 490 रुपये में उसे 1 किलो बेहद स्वादिष्ट चिकन परोसा जाता है.



Source link

Write A Comment