वुमेंस एशिया कप 2026 का 9वां मैच भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर एक बड़ी जीत दर्ज की। यह इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की लगातार तीसरी जीत है। वहीं पाकिस्तान को इस एशिया कप में पहली हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया से हारने के बाद पाक कप्तान फातिमा सना काफी गुस्से में नजर आई और उन्होंने इस हार का ठीकरा अपने बल्लेबाजों पर फोड़ दिया।
मैच हारने के बाद फातिमा सना ने क्या कहा?
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में फातिमा सना ने कहा कि हमारी बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और हम पूरे मैच में रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। पहले बल्लेबाजी करने के फैसले पर उन्होंने बताया कि पिच बिल्कुल नई थी, इसलिए हम बोर्ड पर ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहते थे क्योंकि हमें अपनी गेंदबाजी पर पूरा भरोसा था। अपने शानदार तीन विकेटों के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत प्रदर्शन का कोई मतलब नहीं रह जाता जब टीम मैच हार जाती है, क्योंकि असली जरूरत जीत की थी। आगे के सफर को लेकर उन्होंने कहा कि अगले मैच में हम अच्छा क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे और आखिरी मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की पूरी कोशिश करेंगे।
भारत ने 68 गेंद रहते जीता मुकाबला
मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में 55 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में टीम इंडिया ने 8.4 ओवर में 57 रन बनाकर इस मैच को अपने नाम किया। भारत ने ये मैच 68 गेंद रहते जीता। आपको बता दें कि बची हुई गेंदों के हिसाब से यह महिला T20I में भारत की अब तक की चौथी सबसे बड़ी जीत है। इस मामले में टीम इंडिया ने सबसे बड़ी जीत साल 2022 में दर्ज की थी। वहां उन्होंने थाईलैंड को 84 गेंद रहते हरा दिया था।
हरमनप्रीत ने मैच जीतने के बाद क्या कहा?
मैच जीतने के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा कि यह मैच हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण था और पूरी टीम के शानदार प्रदर्शन से मैं बेहद खुश हूं क्योंकि हम बिना कोई ढील दिए खेलने की बात करते हैं और टीम ने वैसा ही कर दिखाया। उन्होंने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि सभी ने बेहतरीन गेंदबाजी की, अपने प्लान पर टिके रहे और पिच के मिजाज को बहुत अच्छे से समझा। मैच में तीन विकेट गंवाने पर उन्होंने कहा कि यह खेल का हिस्सा है। सामने वाली टीम ने भी कुछ अच्छी गेंदें फेंकीं, लेकिन सबसे जरूरी बात क्रीज पर टिके रहना और मैच को जल्द से जल्द खत्म करना था।
यह भी पढ़ें
हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, 150 T20I मैचों में कप्तानी करने वाली बनीं दुनिया की पहली खिलाड़ी
55 रन पर ऑलआउट हुई टीम, T20I में पाकिस्तान की सबसे बड़ी फजीहत, बनाया सबसे लोएस्ट स्कोर