Matar Mushroom Recipe: कभी-कभी त्योहार या घर में मेहमान आने पर सबसे बड़ी उलझन यही होती है कि खाने में ऐसा क्या बनाया जाए जो रोज की सब्जियों से थोड़ा अलग हो, अगर आप भी हर बार मटर पनीर, शाही पनीर या कोई सामान्य सब्जी बनाकर थक चुकी हैं, तो इस बार मटर-मशरूम ट्राई कर सकती हैं. मटर की हल्की मिठास, मशरूम का अलग स्वाद और मसालों से तैयार गाढ़ी ग्रेवी इस सब्जी को खास बना देती है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी बहुत अलग या महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
प्याज, टमाटर, काजू, मलाई और घर में रखे मसालों से ही इसका स्वाद काफी हद तक रेस्टोरेंट जैसा बनाया जा सकता है. गरमा-गरम मटर-मशरूम को लच्छा पराठे, नान, पूरी या जीरा राइस के साथ परोसें तो साधारण डिनर भी थोड़ा खास लगने लगता है. इसे बनाने में बहुत ज्यादा मेहनत नहीं है और सही तरीके से पकाने पर मशरूम नरम रहते हैं, जबकि ग्रेवी में मसालों का अच्छा स्वाद आता है.
मटर-मशरूम क्यों है बढ़िया विकल्प?
त्योहारों में अक्सर शाकाहारी मेन्यू बनाते समय पनीर पर ही ध्यान चला जाता है. लेकिन मटर-मशरूम एक अच्छा बदलाव हो सकता है. इसमें मटर और मशरूम के साथ मसालेदार ग्रेवी तैयार होती है, जो रोटी से लेकर चावल तक के साथ अच्छी लगती है. घर में अचानक मेहमान आ जाएं तो भी यह रेसिपी काम आ सकती है.
सामग्री की तैयारी पहले कर लें
इस सब्जी को बनाने के लिए 2 कप मटर, 1 कप मशरूम, 4 टमाटर, 2 प्याज और 10 काजू लें. इसके अलावा 6-7 लहसुन की कलियां, थोड़ा अदरक, 2-3 हरी मिर्च, 1 चम्मच बेसन और 3-4 चम्मच फ्रेश मलाई चाहिए. मसालों में नमक, आधा चम्मच लाल मिर्च, आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच धनिया पाउडर, एक चुटकी हींग, 1 चम्मच कसूरी मेथी और आधा चम्मच गरम मसाला रखें. तड़के के लिए 2 हरी इलायची, 1 बड़ी इलायची, 2 काली मिर्च, 2 लौंग और 1 तेजपत्ता लें. करीब 2-3 चम्मच तेल भी चाहिए.
ऐसे बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल मटर-मशरूम
सबसे पहले मटर और मशरूम को अच्छी तरह साफ कर लें. मशरूम को काटने के बाद दोनों को हल्का उबालें. ज्यादा देर तक उबालने से मशरूम का टेक्सचर खराब हो सकता है, इसलिए बस हल्का पकाना काफी है. इसके बाद पानी निकालकर इन्हें अलग रख दें. अब अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को पीसकर पेस्ट बना लें. प्याज और टमाटर अलग काटें. भीगे हुए काजू का बारीक पेस्ट तैयार कर लें. कड़ाही में तेल गर्म करके तेजपत्ता, इलायची, काली मिर्च और लौंग डालें. खुशबू आने लगे तो प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट डालें. मसाले को कुछ देर भूनने के बाद टमाटर डालें और तब तक पकाएं, जब तक टमाटर नरम होकर तेल छोड़ने न लगें. अब बेसन डालकर 1-2 मिनट भूनें. बेसन अच्छी तरह भुनने से ग्रेवी में स्वाद और हल्की गाढ़ापन आता है.
काजू और मलाई से आएगा खास स्वाद
अब इसमें काजू का पेस्ट, धनिया पाउडर और नमक डालें. जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी को उबलने दें. उबाल आने पर मटर और मशरूम डालकर धीमी आंच पर करीब 5-7 मिनट पकाएं. आखिर में फ्रेश मलाई, कसूरी मेथी और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं. 2 मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें. सब्जी को कुछ मिनट ढककर रखने से मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है.
किसके साथ करें सर्व?
मटर-मशरूम को गरमा-गरम रोटी, नान, पूरी, लच्छा पराठा या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं. साथ में हरी चटनी, प्याज, अचार और पापड़ रखें तो पूरा खाना और भी स्वादिष्ट लगेगा.
ध्यान रखें ये छोटी बातें
मटर और मशरूम को ज्यादा न उबालें. मशरूम को तेज आंच पर लंबे समय तक पकाने से उसका स्वाद और टेक्सचर बदल सकता है. वहीं मलाई हमेशा आखिर में डालें, अगर आपको तीखा खाना पसंद है तो हरी मिर्च की मात्रा बढ़ाई जा सकती है. काजू और मलाई ग्रेवी को क्रीमी बनाते हैं, इसलिए इनकी मात्रा बहुत ज्यादा रखने की जरूरत नहीं है.