Last Updated:
Tash Bhuja Famous Food Of Purvi Champaran: बिहार के पूर्वी चंपारण में एक खास तरह का फूड आइटम मिलता है जिसे ताश भुजा कहते हैं. इसमें खासतौर पर चिकन या मटन को मसालों के साथ तवे पर पकाया जाता है और चूड़ा या मुढ़ी के साथ सर्व किया जाता है. इसकी रेसिपी भी यहां देख सकते हैं.
पूर्वी चंपारण/आदित्य गौरव. चंपारण एक ऐसी जगह है जो अपने ऐतिहासिक महत्व, यहां से निकले विभिन्न क्षेत्र के लोगों और अपने खास खान-पान के लिए भी जाना जाता है. इस कड़ी में आज हम चंपारण के एक ऐसे फूड आइटम की बात करेंगे जो अपने स्वाद के लिए चंपारण वासियों के बीच काफी फेमस है और लोग इसे बड़े चाव से नाश्ते में चटकारा लेकर खाते हैं. इस फूड आइटम का नाम है ताश, जिसे अक्सर लोग भुजा के साथ शाम के वक्त दोस्तों के झुंड में खाना पसंद करते हैं.
केवल यहीं मिलता है
चंपारण के लोग बताते हैं कि यह फूड आइटम बस बिहार के चंपारण जिले में ही मिलता है और अन्य जिलों में इसे ढूंढ पाना मुश्किल है. उनका कहना है कि वे जब भी अपने जिले से बाहर जाते हैं तो इसे काफी मिस करते हैं. जिले के ही एक व्यक्ति राहुल तिवारी बताते हैं कि वो अपने अन्य राज्यों से आए दोस्तों और सहकर्मियों को भी ताश-भुजा जरूर खिलाते हैं, जिसे खाने के बाद वे लोग भी ताश-भुजा की खूब बड़ाई करते हैं. दरअसल, अगर आप चटपटी और मसालेदार चीजें पसंद करते हैं तो ये फूड आइटम आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है.
घर पर भी कर सकते हैं तैयार
आप चाहे तो इसे अपने घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं और इसके लिए आपको एक बड़ा तवा, चिकन, सरसों तेल, हल्दी, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, कटी हुई प्याज, कटा हुआ टमाटर, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर, लहसुन-अदरक का पेस्ट, धनिया पत्ता और गरम मसाला की जरूरत पड़ेगी. सबसे पहले चिकन को अच्छी तरह धोने के बाद एक तरफ रख दें. फिर हल्दी, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर, लहसुन-अदरक का पेस्ट और गरम मसाला को मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें. फिर इसे धोए हुए चिकन में अच्छे से मिलाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें. आप इसे ज्यादा से ज्यादा 45 मिनट तक छोड़ सकते हैं.
तवे पर तेल गर्म करें
उसके बाद तवे पर सरसों का तेल गर्म करें और उसमें मसाले से लपेटे हुए इस चिकन को डालें. जब चिकन थोड़ी टाइट हो जाए तो उसमें प्याज, टमाटर, धनिया पत्ता और हरी मिर्च डालकर 15 से 20 मिनट तक भूनें. बस इतना करने के बाद आपका ताश तैयार हो जाएगा और आप इसे भुजा के साथ, खास तौर पर चूड़ा और मुढ़ी के साथ नाश्ते में खा सकते हैं. अगर आप मटन का ताश बनाना चाहते हैं तो इसी विधि से आराम से तैयार कर सकते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें