एश्ले गार्डनर की कप्तानी में ट्रेंट रॉकेट्स ने लॉर्ड्स में खेले गए महिला हंड्रेड के फाइनल में सनराइजर्स लीड्स को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया। पहले गेंदबाजी करते हुए रॉकेट्स ने सनराइजर्स को महज 91 रन पर समेट दिया और फिर 46 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। लीग स्टेज में 8 में से 7 मुकाबले जीतने वाली ट्रेंट रॉकेट्स ने फाइनल में भी अपने फेवरेट होने की वजह साबित कर दी। सनराइजर्स की टीम पूरे मैच में दबाव से बाहर नहीं निकल सकी।
24 रन पर गंवाए तीन विकेट
सनराइजर्स लीड्स की शुरुआत बेहद खराब रही। फोएबे लिचफील्ड ने पारी की शुरुआत में सामंथा बेट्स के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन किम गर्थ ने लगातार गेंदों पर बायरनी स्मिथ और लॉरेन विनफील्ड-हिल को आउट कर दिया।लिचफील्ड भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं और सनराइजर्स का स्कोर 24/3 हो गया। इसके बाद एनाबेल सदरलैंड और भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने 32 रन की अहम साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि, दीप्ति के बोल्ड होते ही सनराइजर्स की पारी फिर लड़खड़ा गई। चार गेंद बाद जॉर्जिया एडम्स ने सदरलैंड को स्टंप कर दिया। इसके तीन गेंद बाद जेस जोनासन रन आउट होकर खाता भी नहीं खोल सकीं। इसके बाद विकेटों का सिलसिला थमा नहीं। सामंथा बेट्स भी जल्द लौट गईं। डेनियल गिब्सन ने चार चौकों की मदद से टीम के स्कोर को 100 के करीब पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रॉकेट्स के गेंदबाज लगातार विकेट निकालते रहे और पूरी टीम 91 रन पर ऑलआउट हो गई।
डंकली और मूनी ने फाइनल को बनाया एकतरफा
92 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स की सलामी जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सोफिया डंकली ने केट क्रॉस की गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेजा और फिर जेस जोनासन के खिलाफ भी स्लॉग स्वीप लगाकर गेंद बाउंड्री के बाहर पहुंचा दी। बेथ मूनी ने भी कासिडी मैकार्थी के खिलाफ लगातार दो चौके जड़कर अपना खाता खोला। इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने क्रॉस के एक-एक ओवर में चौके लगाए और सिर्फ 25 गेंदों में लक्ष्य का लगभग आधा हिस्सा हासिल कर लिया।
एलिमिनेटर की प्लेयर ऑफ द मैच हन्ना बेकर भी रॉकेट्स की बल्लेबाजों को रोक नहीं सकीं। मूनी ने उनके खिलाफ बैकवर्ड पॉइंट के पीछे से चौका लगाकर अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। इसके कुछ ही गेंद बाद डंकली ने भी बेकर को कवर के ऊपर से बाउंड्री जड़ दी। डेनियल गिब्सन ने आखिरकार साझेदारी तोड़ी, लेकिन तब तक रॉकेट्स 69 रन बना चुकी थीं। नैट स्किवर-ब्रंट के तुरंत आउट होने के बावजूद मूनी और एश्ले गार्डनर ने कोई परेशानी नहीं आने दी और टीम को 54 गेंदों में 92/2 तक पहुंचाकर ऐतिहासिक खिताब दिला दिया।
यह भी पढ़ें:
मोहम्मद सिराज ने दिखाया बल्ले का दम, गगनचुंबी छक्के से चौंकाया, VIDEO हो रहा वायरल
हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम का दमदार आगाज, ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट चीन को 2-2 पर रोका