Last Updated:
अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ झटपट और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो आलू के बिस्कुट बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. उबले आलू, ब्रेड और मसालों से तैयार होने वाली यह क्रिस्पी डिश सिर्फ 10-15 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है. बच्चे हों या मेहमान, हर किसी को इसका स्वाद खूब पसंद आएगा.
सहारनपुर: सुबह का नाश्ता दिन का सबसे अहम भोजन माना जाता है. अगर नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट मिल जाए, तो पूरा दिन अच्छा गुजरता है. आज हम आपको एक ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो कम समय में तैयार हो जाती है और देखने भर से ही मुंह में पानी आ जाता है.
हम बात कर रहे हैं आलू के बिस्कुट की, जिसे आप बहुत ही कम समय में बनाकर अपने परिवार और मेहमानों को खिला सकते हैं.
सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर पानी में उबाल लें. उबलने के बाद उनका छिलका उतारकर उन्हें अच्छे से मैश कर लें. इसके बाद ब्रेड लें और उसके किनारों (ब्राउन हिस्से) को हटाकर ब्रेड को मिक्सी में पीस लें. अब इस ब्रेड पाउडर को मैश किए हुए आलू में अच्छी तरह मिला लें. फिर इसमें स्वादानुसार मसाले डालें और हरा धनिया जरूर मिलाएं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब इस मिश्रण की छोटी-छोटी लोई बनाएं और मनचाहे आकार में काट लें. इसके बाद कढ़ाही में तेल गरम करें और इन टुकड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
यह रेसिपी मात्र 10 मिनट में तैयार हो जाती है. यह नाश्ते के लिए एक बेहतरीन विकल्प है. आप इसे चाय के साथ खा सकते हैं या बच्चों के लंच बॉक्स में भी पैक कर सकते हैं. यह काफी देर तक पेट भरा रखता है.
फ़ूड एक्सपर्ट शालू सैनी के अनुसार, यह रेसिपी बहुत हल्की और जल्दी बनने वाली है. इसे बनाने के लिए ताजे आलू उबालकर मैश कर लें. ब्रेड को पीसकर उसमें मिलाएं और फिर लाल मिर्च, नमक, धनिया पाउडर, ऑरिगेनो, हरा धनिया, कॉर्नफ्लोर और प्याज जैसी सामग्री स्वादानुसार डालें. सभी चीजों को मिलाकर आटा जैसा मिश्रण तैयार करें. फिर इसकी लंबी लोई बनाकर छोटे-छोटे टुकड़े काटें और उन्हें हल्का दबाकर आकार दें.
अब गरम तेल में इन्हें 5 से 10 मिनट तक तलें, जब तक वे सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं. तैयार होने के बाद इन्हें टमाटर सॉस या हरी चटनी के साथ परोसें. यह डिश 10–15 मिनट में आसानी से तैयार हो जाती है.
अगर घर में अचानक मेहमान आ जाएं, तो आप जल्दी से यह स्वादिष्ट रेसिपी बनाकर उन्हें परोस सकते हैं. बस आपके घर में आलू होने चाहिए, और आप इस आसान रेसिपी से एक टेस्टी डिश तैयार कर सकते हैं.