Last Updated:
रक्षाबंधन पर घर पर बनाएं स्वादिष्ट और कुरकुरी मठरी. इसके लिये सिर्फ मैदा, सूजी, अजवाइन और काली मिर्च से ही बनी यह मठरी चाय के साथ एक बेहतरीन नास्ता लगती है. इसे बनाने की आसान विधि और टिप्स जरूर ट्राई करें.
घर पर ही बनाइए एकदम खस्ता और टेस्टी मठरी, जानें तरीका. Image AI
रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्यार और मिठास का प्रतीक माना जाता है. इस खास अवसर पर घर में बने पारंपरिक व्यंजन त्योहार की रौनक को और बढ़ा देते हैं. यदि आप इस बार बाजार की बजाय घर पर ही कुछ स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला स्नैक बनाना चाहती हैं, तो कुरकुरी मठरी एक बेहतरीन विकल्प है. चाय के साथ परोसी जाने वाली मठरी न केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि इसे पहले से बनाकर भी रखा जा सकता है. आइए जानते हैं फ्रेश और खस्ता मठरी बनाने की आसान रेसिपी.
आवश्यक सामग्री
मैदा – 2 कप
सूजी – ½ कप
अजवाइन – 1 छोटा चम्मच
काली मिर्च (दरदरी पिसी हुई) – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
घी या तेल – 4 बड़े चम्मच (मोयन के लिए)
तलने के लिए तेल
मठरी बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और सूजी डालें. इसमें नमक, अजवाइन और दरदरी काली मिर्च मिलाएं. अब घी या तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. मिश्रण को हथेली में दबाकर देखें. यदि यह बंधने लगे तो समझिए मोयन सही मात्रा में है.
- इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंध लें, ध्यान रखें कि आटा पूरी की तरह नरम नहीं होना चाहिए. आटा तैयार होने के बाद उसे 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें.
- अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का मोटा बेल लें. आप चाहें तो किसी ढक्कन या कटर की मदद से गोल आकार दे सकती हैं. प्रत्येक मठरी पर कांटे की सहायता से दो-तीन छेद कर दें, ताकि तलते समय वे फूले नहीं.
तलने का सही तरीका
- एक कढ़ाई में तेल गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए. मध्यम आंच पर मठरियों को धीरे-धीरे तलें. जब मठरी हल्के सुनहरे रंग की होने लगे, तब उन्हें पलटते रहें. लगभग 8 से 10 मिनट में मठरियां अच्छी तरह कुरकुरी और सुनहरी हो जाएंगी.
- तली हुई मठरियों को टिश्यू पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. पूरी तरह ठंडी होने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें.
खस्ता मठरी के लिए खास टिप्स
मठरी को कुरकुरी बनाने के लिए सूजी का प्रयोग जरूर करें.
मोयन की मात्रा सही रखें, तभी मठरी खस्ता बनेगी.
आटा सख्त गूंधें, इससे मठरी अधिक कुरकुरी बनेगी.
तेज आंच पर तलने से मठरी ऊपर से पक जाएगी लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती है, इसलिए हमेशा मध्यम या धीमी आंच पर तलें.
स्वाद बढ़ाने के लिए आप कसूरी मेथी या जीरा भी मिला सकती हैं.