Last Updated:
Moringa Noodles Recipe: सहजन यानी मोरिंगा से बनी ये खास नूडल्स स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल हैं. गेहूं के आटे और मोरिंगा पेस्ट से तैयार ये नूडल्स बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती हैं. इन्हें लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है.
सहजन नूडल्स रेसिपी
Moringa Noodles Recipe: नूडल्स का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में मैदे से बनी एक ऐसी डिश की तस्वीर आती है जिसे स्वाद के लिए तो खूब पसंद किया जाता है, लेकिन सेहत के लिहाज से अच्छा नहीं माना जाता. खासकर बच्चों की बात करें तो वे नूडल्स खाने के लिए अक्सर जिद करते हैं और माता-पिता इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि बार-बार बाजार में मिलने वाली नूडल्स खिलाना सही है या नहीं, लेकिन क्या हो अगर यही नूडल्स स्वाद के साथ पोषण का भी खजाना बन जाएं? सुनने में यह थोड़ा अलग लग सकता है, लेकिन सोशल मीडिया पर ‘सरफिरा बावर्ची’ के नाम से मशहूर सागर कुमार ने एक ऐसी रेसिपी शेयर की है, जो नूडल्स की पूरी तस्वीर बदल देती है.
इस खास रेसिपी में सुपरफूड माने जाने वाले सहजन यानी मोरिंगा का इस्तेमाल किया गया है. सहजन में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को ताकत देने में मदद करते हैं. खास बात यह है कि इन नूडल्स को घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और इन्हें लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है. आइए जानते हैं इस अनोखी और स्वादिष्ट रेसिपी को बनाने का आसान तरीका.
1. सहजन की फलियों को पहले अच्छी तरह उबालें
इस रेसिपी की शुरुआत ताजी सहजन की फलियों से होती है. सबसे पहले फलियों को धोकर हल्का सा छील लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक गहरे बर्तन में पानी गर्म करें. जब पानी उबलने लगे तो उसमें सहजन के टुकड़े डाल दें. इन्हें करीब 15 से 20 मिनट तक पकने दें. इस दौरान फलियां नरम हो जाएंगी और उनका गूदा आसानी से निकल सकेगा.
2. उबली हुई फलियों से तैयार करें स्मूथ पेस्ट
फलियां अच्छी तरह पक जाने के बाद गैस बंद कर दें और उन्हें थोड़ा ठंडा होने दें. अब हाथों से इन्हें मसलकर गूदा अलग कर लें. जो कड़े रेशे और छिलके बचें, उन्हें निकाल दें. इसके बाद गूदे को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें. इससे एक मुलायम और गाढ़ा पेस्ट तैयार हो जाएगा, जो नूडल्स का सबसे खास हिस्सा है.
3. मोरिंगा पेस्ट से गूंथें आटा
अब एक बड़े बाउल में एक कप गेहूं का आटा लें. इसमें स्वाद के मुताबिक नमक डालें. इसके बाद पानी की जगह मोरिंगा का तैयार पेस्ट डालते हुए आटा गूंथें. कोशिश करें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ज्यादा ढीला. सही तरीके से गूंथा हुआ आटा नूडल्स को बेहतर बनावट देगा.
4. चकली मेकर से दें नूडल्स का आकार
गूंथे हुए आटे की लोई बनाकर चकली मेकर या सेव बनाने वाली मशीन में भरें. मशीन में नूडल्स वाली जाली लगाएं. अब धीरे-धीरे दबाते हुए नूडल्स निकालें. आप इन्हें किसी बड़ी थाली में फैला सकते हैं या सीधे गर्म पानी के ऊपर निकाल सकते हैं.
5. तुरंत बनाएं या लंबे समय के लिए स्टोर करें
इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे लंबे समय तक संभालकर रखा जा सकता है, अगर आप नूडल्स को बाद में इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इन्हें तेज धूप में अच्छी तरह सुखा लें. पूरी तरह सूखने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखकर 6 महीने से लेकर 1 साल तक इस्तेमाल किया जा सकता है, अगर तुरंत खाना चाहते हैं तो तैयार नूडल्स को उबलते पानी में डालें और करीब 15 मिनट तक पकाएं. पकने के बाद इन्हें ठंडे पानी से धो लें, जिससे वे आपस में चिपकेंगे नहीं.
View this post on Instagram