भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आमतौर पर गेंद से बल्लेबाजों को परेशान करते देखा जाता है, लेकिन गॉल टेस्ट में उनके बल्ले ने भी अचानक अपना जलवा दिखा दिया। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन सिराज ने ऐसा छक्का लगाया कि मैदान में मौजूद हर किसी की नजरें उनकी ओर टिक गईं। तेज गेंदबाज ने स्पिनर केशरा नुवान्था की गेंद पर जोरदार स्लॉग-स्वीप खेलते हुए गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से बाउंड्री के बाहर बहुत दूर भेज दिया। सिराज ने पहली पारी में सिर्फ 15 गेंदों पर 11 रन बनाए, लेकिन इस छोटी सी पारी में उनका छक्का सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। टेस्ट करियर में करीब 50 मुकाबले खेलने के बावजूद सिराज के बल्ले से यह सिर्फ चौथा छक्का था।
चौथी गेंद पर ही कर दिया बड़ा धमाका
सिराज ने क्रीज पर आते ही अपने इरादे साफ कर दिए। पारी की चौथी गेंद पर उन्होंने नीचे झुककर पूरी ताकत से बल्ला घुमाया और गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। गेंद बाउंड्री के बाहर काफी दूर जाकर गिरी। हालांकि इसके बाद उनके कुछ और बड़े शॉट खेलने की कोशिश सफल नहीं हो पाई। दरअसल, भारत के 7 बल्लेबाज 432 रन के स्कोर पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में सिराज को स्कोरबोर्ड तेजी से चलाने के लिए मैदान पर भेजा गया। सिराज ने आते ही कुछ बड़े शॉट खेलने की कोशिश की। सिराज ने एक गगनचुंबी छक्का लगाते हुए अपने इरादे भी साफ कर दिए, लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाज असिथा फर्नांडो ने अपने जाल में फंसाते हुए टीम इंडिया को 8वां झटका दे दिया।
वॉर्म-अप मैच में दिखा था छक्कों का तूफान
सिराज ने टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले अभ्यास मैच में भी अपनी बल्लेबाजी से सभी को चौंका दिया था। उन्होंने आखिरी ओवर में जीत दिलाने वाली पारी के दौरान चार छक्के लगाए थे, जिसमें लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के शामिल थे। इसी प्रदर्शन के बाद टीम ने एक बार फिर उन पर बड़े शॉट खेलने का भरोसा जताया। हालांकि, गॉल टेस्ट में सिराज की पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी।
भारत ने बनाए 9 विकेट पर 460 रन
मैच की बात करें तो बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल काफी देर से शुरू हुआ। भारत ने दिन की शुरुआत 288/2 से की थी, लेकिन श्रीलंका के स्पिनरों ने बेहतर गेंदबाजी करते हुए 172 रन के अंदर भारत के सात विकेट निकाल लिए। ऋषभ पंत 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पहले दिन 77 रन पर रिटायर्ड हर्ट होने वाले केएल राहुल वापस बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन सिर्फ चार रन और जोड़ सके। देवदत्त पडिक्कल दोहरे शतक की ओर बढ़ते नजर आ रहे थे, तभी167 रन पर उनकी पारी का अंत हो गया। टी ब्रेक से कुछ समय पहले प्रभात जयसूर्या की गेंद पर निरोशन डिकवेला ने उन्हें स्टंप कर दिया। इसके बाद रवींद्र जडेजा भी जल्दी आउट हो गए। हालांकि, ध्रुव जुरेल ने 57 और मानव सुथार ने 24 रन की उपयोगी पारियां खेलकर भारत को 460/9 तक पहुंचाया। दिन का खेल खत्म होने पर कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा क्रीज पर नाबाद थे।
यह भी पढ़ें
बांग्लादेश से हारते ही पैट कमिंस के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज, बने दूसरे अनलकी ऑस्ट्रेलियाई कप्तान
देवदत्त पडिक्कल ने लंका में किया कमाल , द्रविड़ और पुजारा के स्पेशल क्लब में बनाई जगह