Last Updated:
Khoya Mithai Recipe: मिश्रण को प्लेट में फैलाने के बाद कुछ देर ठंडा होने के छोड़ दें. इसे 2-3 घंटे के लिए फ्रिज में रख सकते हैं, जिससे मिठाई अच्छी तरह सेट हो जाए. जब मिठाई जम जाए, तो चाकू की मदद से इसे चौकोर, आयताकार या फिर डायमंड शेप में काट लें.
सतना. रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्यार और मिठास का त्योहार है. इस दिन अगर आप बाजार की मिठाई के बजाय घर पर बनी ताजी और स्वादिष्ट मिठाई से भाई का मुंह मीठा कराना चाहती हैं, तो खोया (खोवा) से बनने वाली यह आसान मिठाई आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और बघेलखंडी अंदाज में इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. लोकल 18 से बातचीत में सतना निवासी उर्मिला मिश्रा ने बताया कि इस मिठाई को बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें एक लीटर फुल क्रीम दूध डालें. दूध को मध्यम आंच पर उबालें. फिर जब दूध में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तो गैस धीमी कर दें और दूध को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह कड़ाही के तले में चिपके नहीं. धीरे-धीरे दूध का पानी कम होने लगेगा और दूध गाढ़ा होकर खोया का रूप लेने लगेगा. इसमें करीब 30 से 40 मिनट या जरूरत के अनुसार थोड़ा अधिक समय लग सकता है. खोया तैयार करते समय लगातार ध्यान रखना जरूरी है क्योंकि आखिरी समय में दूध जल्दी कड़ाही के तले में लग सकता है.
जब दूध पूरी तरह गाढ़ा होकर खोया बन जाए, तो इसमें स्वादानुसार चीनी डालें. इसके साथ करीब एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. चीनी डालने के बाद खोया कुछ देर के लिए थोड़ा ढीला हो सकता है, इसलिए इसे तब तक पकाते रहें, जब तक मिश्रण दोबारा गाढ़ा होकर एकसा न हो जाए. जब यह कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे, तो समझ लें कि मिठाई का मिश्रण तैयार हो चुका है.
प्लेट में फैलाएं और ड्राई फ्रूट्स से सजाएं
अब गैस बंद कर दें और तैयार गर्म मिश्रण को हल्के घी से चिकनी की गई प्लेट या थाली में डाल दें. चम्मच की मदद से इसे समान मोटाई में फैला दें. इसके ऊपर बारीक कटे हुए बादाम और पिस्ता डालें और हल्के हाथ से दबा दें ताकि ड्राई फ्रूट्स मिठाई में अच्छी तरह चिपक जाएं. आप चाहें तो इसमें काजू, किशमिश या अपनी पसंद के दूसरे ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं. इससे मिठाई का स्वाद और बेहतर हो जाएगा.
2 से 3 घंटे में हो जाएगी तैयार
मिश्रण को प्लेट में फैलाने के बाद कुछ देर ठंडा होने दें. इसके बाद इसे 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख सकते हैं, जिससे मिठाई अच्छी तरह सेट हो जाएगी. जब मिठाई जम जाए, तो चाकू की मदद से इसे चौकोर, आयताकार या डायमंड आकार में काट लें. इस तरह घर पर ही नरम और स्वादिष्ट खोया मिठाई तैयार हो जाएगी. ऊपर से लगे बादाम-पिस्ता इसे देखने में भी आकर्षक बनाते हैं और त्योहार की थाली में इसे आसानी से परोसा जा सकता है.
बाजार की मिठाई के बजाय घर का स्वाद
उर्मिला मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन के आसपास बघेलखंड के कई घरों में दूध, खोया और चीनी से अलग-अलग तरह की पारंपरिक मिठाइयां बनाई जाती हैं. घर पर मिठाई बनाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री का पता रहता है और इसे अपने स्वाद के अनुसार तैयार किया जा सकता है. खासकर रक्षाबंधन पर जब घर में मेहमान आते हैं, तो चाय आदि के साथ भी इसे परोसा जा सकता है. वहीं भाई को राखी बांधने के बाद मिठाई के तौर पर भी यह काफी अच्छी लगेगी.
अगस्त में बरसात का मौसम होने के कारण इस मिठाई को साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में रखना बेहतर है. इससे आप इस घर में बनी खोया मिठाई को 10 दिनों तक आराम से चला सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.