Matar ghugni chaat recipe : रक्षाबंधन का त्योहार आते ही घरों में तरह-तरह के पकवान बनने लगते हैं. अगर इस बार आप मिठाइयों के साथ मेहमानों को कुछ चटपटा और देसी स्वाद परोसना चाहते हैं, तो झारखंड की मशहूर मटर घुघनी चाट ट्राई कर सकते हैं. यह ऐसी रेसिपी है, जो कम खर्च में आसानी से तैयार हो जाती है और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है. खास बात यह है कि बरसात के मौसम में गर्मागर्म घुघनी चाट का स्वाद दोगुना हो जाता है.

यह रेसिपी आपके मेन्यू की शान
गृहणी प्रियंका बताती हैं कि झारखंड में मटर घुघनी सिर्फ एक स्नैक नहीं, बल्कि लोगों की पसंदीदा पारंपरिक डिश है. सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की चाय तक, इसे बड़े चाव से खाया जाता है. रक्षाबंधन के मौके पर अगर घर में मेहमान आने वाले हैं, तो यह रेसिपी आपके मेन्यू की शान बन सकती है.

8 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें
उन्होंने बताया कि इसे बनाने के लिए सबसे पहले सफेद मटर को अच्छी तरह धोकर 6 से 8 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें. इसके बाद मटर को कुकर में नमक और जरूरत के अनुसार पानी डालकर 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं. मटर अच्छी तरह गल जाए, लेकिन पूरी तरह टूटे नहीं, इसका ध्यान रखें.

अब एक कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर मसाला तैयार करें. चाहें तो अदरक-लहसुन का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च भी मिला सकते हैं. इसके बाद उबली हुई मटर डालकर कुछ मिनट तक मसालों के साथ अच्छी तरह भून लें, ताकि हर दाना स्वाद से भर जाए.

अब तैयार घुघनी को एक प्लेट में निकालें और ऊपर से घर की बनी इमली की खट्टी-मीठी चटनी, ताजा दही, बारीक कटा प्याज, सेव और पापड़ी डालें. आखिर में चाट मसाला, लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर और हरा धनिया छिड़क दें. चाहें तो ऊपर से नींबू का रस भी निचोड़ सकते हैं.

प्रियंका कहती हैं कि गर्म मटर, ठंडे दही, इमली की खटास और सेव-पापड़ी का कुरकुरापन मिलकर ऐसा स्वाद तैयार करता है कि एक प्लेट खाने के बाद लोग दूसरी प्लेट की भी मांग करने लगते हैं. इस रक्षाबंधन अगर आप मेहमानों को कुछ अलग और देसी स्वाद का तोहफा देना चाहते हैं, तो झारखंड की यह पारंपरिक मटर घुघनी चाट जरूर बनाकर खिलाएं.



Source link

Write A Comment