Last Updated:
Karonda Sabji Recipe: करौंदे की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले ताजे करौंदे लें. उन्हें अच्छी तरह धो लें. करौंदों को दो हिस्सों में काटकर बीज निकाल दें. इसके बाद अपनी जरूरत के अनुसार हरी मिर्च लें और उसे बीच से चीरकर तैयार कर लें.
सतना. अगर आप रोज-रोज आलू, टमाटर और दूसरी हरी सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं और खाने में कुछ देसी और अलग स्वाद चाहते हैं, तो बघेलखंड की पारंपरिक रसोई का करौंदा आपके काम आ सकता है. करौंदे का नाम सुनते ही कई लोगों के मुंह में खट्टे स्वाद की याद आ जाती है लेकिन इसी करौंदे से बेहद चटपटी और मसालेदार सब्जी भी तैयार की जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा सामान या मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती. बघेलखंडी अंदाज में बनाई गई करौंदे की सब्जी का स्वाद सरसों के तेल और देसी मसालों की वजह से काफी खास हो जाता है.
सतना निवासी अंजलि चतुर्वेदी ने लोकल 18 को बताया कि करौंदे की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले ताजे करौंदे लें और उन्हें अच्छी तरह धो लें. इसके बाद करौंदों को दो हिस्सों में काट लें और उनके अंदर मौजूद बीज निकाल दें. इसी के साथ स्वाद के अनुसार हरी मिर्च लें और उसे बीच से चीरकर तैयार कर लें. करौंदे का खट्टापन और हरी मिर्च की तीखापन इस सब्जी को खास स्वाद देने का काम करता है. अगर आप ज्यादा तीखा खाना पसंद करते हैं, तो हरी मिर्च की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से बढ़ा भी सकते हैं.
सरसों के तेल का तड़का देगा देसी स्वाद
अब गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें दो बड़े चम्मच सरसों का तेल डालकर गर्म करें. बघेलखंडी खानपान में सरसों के तेल का अपना अलग महत्व है और यही इस सब्जी को देसी स्वाद देता है. तेल गर्म होने के बाद इसमें आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच राई, एक चौथाई चम्मच मेथी दाना और एक चुटकी हींग डालें. जब मसाले चटकने लगें और खुशबू आने लगे, तो समझिए तड़का तैयार है.
करौंदे और हरी मिर्च को भूनें
तड़का तैयार होते ही इसमें कटी हुई हरी मिर्च और तैयार किए गए करौंदे डाल दें. अब इन्हें मध्यम आंच पर करीब दो मिनट तक अच्छी तरह भूनें. इस दौरान करौंदों को हल्के हाथ से चलाते रहें ताकि वे मसाले और तेल के साथ अच्छी तरह मिल जाएं. ज्यादा तेज आंच रखने की जरूरत नहीं है क्योंकि करौंदों को धीरे-धीरे पकाने से उनका स्वाद बेहतर तरीके से निकलकर आता है.
अब आएगा मसालों का असली स्वाद
करौंदे और मिर्च को भूनने के बाद इसमें आधा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच सौंफ का पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. अब सभी मसालों को करौंदों के साथ अच्छी तरह मिला दें. मसाले डालने के बाद कुछ देर तक चलाते रहें ताकि हर करौंदे पर मसालों की अच्छी परत चढ़ जाए और सब्जी का स्वाद एक जैसा रहे.
धीमी आंच पर पकाएं
मसाले अच्छी तरह मिल जाने के बाद कड़ाही को ढक दें और गैस की आंच धीमी कर दें. अब करौंदों को करीब 4 से 5 मिनट तक पकने दें. बीच में एक बार ढक्कन हटाकर सब्जी को हल्के हाथ से चला सकते हैं. जब करौंदे नरम हो जाएं और मसाले उनके साथ अच्छी तरह मिल जाएं, तो समझिए सब्जी तैयार होने के करीब है.
तैयार है करौंदे की लजीज सब्जी
करौंदे के नरम होने के बाद गैस बंद कर दें और लीजिए तैयार है आपकी बघेलखंडी अंदाज की चटपटी, तीखी और मसालेदार करौंदे की सब्जी. इसे गरमागरम दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है. इसके अलावा पूरी और पराठे के साथ भी इसका स्वाद काफी अच्छा लगता है. खासकर उन लोगों के लिए यह रेसिपी बढ़िया विकल्प है, जो रोज की सामान्य सब्जियों से कुछ अलग और पारंपरिक स्वाद अपनी थाली में शामिल करना चाहते हैं. कम सामग्री, आसान तरीका और देसी मसालों का स्वाद इस करौंदे की सब्जी को बघेलखंडी रसोई की एक खास पहचान देता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.