Lauki Uttapam Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही मार्केट में हरी-हरी लौकी खूब नजर आने लगती है. डॉक्टर से लेकर घर के बड़े-बुजुर्ग तक इसे खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि ये शरीर को ठंडक देने के साथ हल्की और हेल्दी भी मानी जाती है, लेकिन सच बात ये है कि ज्यादातर लोग लौकी की सब्जी का नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं. खासकर बच्चे तो इसे प्लेट में देखकर ही खाने से मना कर देते हैं. अगर आपके घर में भी ऐसा ही होता है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको लौकी से बनने वाली ऐसी मजेदार रेसिपी बता रहे हैं, जो स्वाद में इतनी शानदार लगती है कि खाने वाला पहचान ही नहीं पाएगा कि इसमें लौकी डली है. ये रेसिपी है लौकी उत्तपम.
साउथ इंडियन स्टाइल का ये ट्विस्टेड नाश्ता बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट बनता है. इसमें चावल, आलू और लौकी का ऐसा बढ़िया कॉम्बिनेशन होता है जो स्वाद के साथ पेट भी भर देता है. सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम की हल्की भूख के लिए ये एकदम परफेक्ट ऑप्शन है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और घर में मौजूद चीजों से ही ये झटपट तैयार हो जाता है.
लौकी उत्तपम के लिए जरूरी सामग्री
-1 छोटी लौकी
-1 प्याज बारीक कटा हुआ
-2 हरी मिर्च
-स्वाद अनुसार नमक
-1 उबला हुआ आलू
-1 कप चावल
-1 इंच अदरक
-1 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
-थोड़ा सा हरा धनिया
-आधा छोटा चम्मच फ्रूट साल्ट या बेकिंग सोडा
-घी जरूरत अनुसार
तड़के के लिए
-1 बड़ा चम्मच तेल
-1 छोटा चम्मच राई
-आधा छोटा चम्मच जीरा
-1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
-7-8 करी पत्ते
-1 छोटा चम्मच रेड चिली फ्लेक्स
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट लौकी उत्तपम
सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें और फिर उसे कद्दूकस कर लें. अब इसमें थोड़ा नमक मिलाकर करीब 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें. ऐसा करने से लौकी का एक्स्ट्रा पानी बाहर आ जाएगा. बाद में इस पानी को हल्का निचोड़ लें, लेकिन इसे फेंकें नहीं क्योंकि यही बैटर को स्वाद और नरमी देगा. अब मिक्सर जार में भीगे हुए चावल, उबला आलू, अदरक, हरी मिर्च और लौकी का बचा हुआ पानी डालकर स्मूद बैटर तैयार करें. बैटर ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए. तैयार बैटर को बड़े बाउल में निकालें और उसमें कद्दूकस की हुई लौकी, प्याज, हरा धनिया, काली मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिला लें.
अब तड़का तैयार करें. एक छोटे पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई, जीरा, सफेद तिल, करी पत्ता और रेड चिली फ्लेक्स डालें. जैसे ही खुशबू आने लगे, इसे बैटर में डाल दें. आखिर में फ्रूट साल्ट या बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथ से मिक्स करें. अब तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा घी लगाएं. बैटर को उत्तपम की तरह गोल फैलाएं और धीमी से मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें. जब ये बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट हो जाए, तब इसे प्लेट में निकाल लें.
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
अगर आप इसे और ज्यादा टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो ऊपर से थोड़ा चीज या बारीक कटी शिमला मिर्च भी डाल सकते हैं. बच्चों के लिए ये तरीका काफी अच्छा रहता है. वहीं अगर आपको हल्का मसालेदार स्वाद पसंद है, तो हरी चटनी के साथ इसे सर्व करें. ये उत्तपम दही, टोमैटो सॉस या नारियल चटनी के साथ भी बेहद शानदार लगता है. सुबह की जल्दी में बनने वाला ये नाश्ता पेट भरने के साथ शरीर को हल्का भी रखता है.
बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको आएगा पसंद
लौकी उत्तपम की खास बात यही है कि इसमें हेल्थ और स्वाद दोनों का बैलेंस मिलता है. बच्चे इसे पिज्जा या डोसे की तरह मजे से खाते हैं और बड़े लोग इसे हेल्दी ऑप्शन मानकर पसंद करते हैं. अगर घर में कोई लौकी खाने से बचता है, तो एक बार ये रेसिपी जरूर ट्राई करें. यकीन मानिए, सब उंगलियां चाटते रह जाएंगे.