Last Updated:
रांची में बारिश के सुहाने मौसम में ‘लौकी के पकौड़े’ काफी लोकप्रिय हैं. मेहमानों के आने पर यह मात्र 5 मिनट में तैयार होने वाला बेहतरीन नाश्ता है. लौकी में बेसन, मसालों के साथ चावल का आटा और सूजी मिलाकर तलने से यह बेहद क्रिस्पी बनते हैं. इसे चटनी या सॉस के साथ परोसें.
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लगातार बारिश हो रही है. ऐसे सुहाने मौसम में चाय के साथ पकौड़े मिल जाएं, तो मजा दोगुना हो जाता है. अगर आपके घर अचानक मेहमान आ जाएं और समझ न आए कि नाश्ते में क्या बनाएं, तो रांची का यह पारंपरिक ‘लौकी का पकौड़ा’ सबसे बेस्ट ऑप्शन है. यह रेसिपी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि बेहद कम समय में झटपट तैयार हो जाती है. रांची के लोग तो इसे दोपहर के खाने में दाल-चावल के साथ चाव से खाते हैं.
रांची की कुकिंग एक्सपर्ट उषा के अनुसार, लौकी के क्रिस्पी पकौड़े बनाने का तरीका बेहद आसान है:
आवश्यक सामग्री:
- लौकी: 1 (ताजी और मुलायम)
- बेसन: 2 बड़े चम्मच
- चावल का आटा: 1 चम्मच (कुरकुरेपन के लिए)
- सूजी (रवा): 1 छोटा चम्मच
- मसाले: हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मिक्स मसाला और लाल मिर्च पाउडर
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: तलने के लिए
बनाने की विधि:
- सबसे पहले ताजी लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें. इसके बाद इसे अपनी पसंद के अनुसार छोटे या पतले स्लाइस (गोल या चौकोर) टुकड़ों में काट लें.
- अब एक बर्तन में कटी हुई लौकी लें. इसमें दो चम्मच बेसन, थोड़ा सा चावल का आटा और एक चम्मच सूजी मिलाएं. सूजी डालने से पकौड़ों में बेहतरीन क्रंच (कुरकुरापन) आता है.
- इसी मिश्रण में हल्दी, धनिया, मिक्स मसाला, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर सूखी कोटिंग की तरह अच्छी तरह मिला लें. (ध्यान रहे, लौकी खुद पानी छोड़ती है, इसलिए पानी बहुत कम या जरूरत के अनुसार ही डालें).
- कढ़ाई में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो आंच को मध्यम कर दें और लौकी के छोटे-छोटे पीस को तेल में डालें. पकौड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी (गोल्डन फ्राई) होने तक तलें.
ऐसे करें सर्व:
मात्र 5 मिनट में बनकर तैयार होने वाले इन गरमा-गरम पकौड़ों को आप हरी धनिया-पुदीने की तीखी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोस सकते हैं. जो भी मेहमान इसे एक बार खाएगा, वह प्याज और आलू के पकौड़े भूलकर आपकी तारीफ करते नहीं थकेगा.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.