Last Updated:
वजन कम करने के लिए अपनी पसंदीदा चीजें खाना छोड़ना जरूरी नहीं है. कई बार सख्त डाइट की वजह से लोग जल्दी हार मान लेते हैं और फिर पुरानी आदतों पर लौट आते हैं. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि वजन घटाने का असली राज खाने को पूरी तरह छोड़ने में नहीं, बल्कि उसकी मात्रा को समझदारी से कंट्रोल करने में छिपा है.
वेट लॉस के लिए फॉलो करें ये टिप्स.
वजन कम करने की बात आते ही ज्यादातर लोग सबसे पहले अपनी पसंदीदा चीजों को खाना बंद कर देते हैं. कोई मिठाई छोड़ देता है, कोई पिज्जा और बर्गर से दूरी बना लेता है, तो कोई चावल खाना तक बंद कर देता है. शुरुआत में यह तरीका सही लग सकता है, लेकिन लंबे समय तक इसे फॉलो करना आसान नहीं होता. यही वजह है कि कई लोग कुछ हफ्तों बाद फिर से पुरानी आदतों पर लौट आते हैं और उनका वजन दोबारा बढ़ने लगता है.
असल में वजन घटाने का मतलब अपनी पसंद की हर चीज को छोड़ना नहीं है. इसके बजाय आपको अपने खाने के तरीके में एक छोटा लेकिन असरदार बदलाव करना होता है. यह नियम है पोर्शन कंट्रोल, यानी खाने की मात्रा पर ध्यान देना.
क्या है पोर्शन कंट्रोल?
पोर्शन कंट्रोल का मतलब है कि आप अपनी पसंद की चीजें खा सकते हैं, लेकिन सीमित मात्रा में. उदाहरण के लिए अगर आपको पिज्जा पसंद है, तो पूरा बड़ा पिज्जा खाने की बजाय एक या दो स्लाइस खाएं और साथ में सलाद या कोई हेल्दी विकल्प शामिल करें. इसी तरह अगर आपको मिठाई पसंद है, तो पूरी कटोरी खाने के बजाय थोड़ा हिस्सा लें और उसका स्वाद लें.
क्यों काम करता है यह नियम?
वजन बढ़ने का मुख्य कारण सिर्फ कोई एक खास खाना नहीं होता, बल्कि जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेना होता है. जब आप खाने की मात्रा को नियंत्रित करते हैं, तो शरीर में जाने वाली कुल कैलोरी कम हो जाती है. इससे धीरे-धीरे वजन घटाने में मदद मिल सकती है. साथ ही आपको ऐसा महसूस नहीं होता कि आप अपनी पसंद की चीजों से पूरी तरह वंचित हैं.
धीरे-धीरे खाएं और शरीर की सुनें
अक्सर लोग जल्दी-जल्दी खाना खाते हैं, जिससे जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं. खाने के दौरान थोड़ा समय लें और हर निवाले को अच्छी तरह चबाएं. इससे दिमाग को पेट भरने का संकेत समय पर मिल जाता है. कई बार सिर्फ यही आदत ओवरईटिंग को कम कर सकती है.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें