Stuffed Karela Recipe: गर्मी का मौसम आते ही घरों में करेला बनने लगता है. कुछ लोग इसे सेहत के लिए खाते हैं तो कुछ लोग इसके स्वाद के दीवाने होते हैं. हालांकि कई लोग करेले की कड़वाहट की वजह से इसे पसंद नहीं करते, लेकिन अगर करेला सही तरीके से बनाया जाए तो इसका स्वाद किसी स्पेशल डिश से कम नहीं लगता. आपने मसाले वाला भरवां करेला जरूर खाया होगा, लेकिन क्या कभी बेसन में लिपटा हुआ भरवां करेला ट्राई किया है? बिहार के मिथिलांचल इलाके में बनने वाली ये देसी रेसिपी स्वाद में इतनी शानदार होती है कि जो लोग करेला नहीं खाते वो भी उंगलियां चाटते रह जाते हैं.

बाहर से कुरकुरी बेसन की परत और अंदर मसालेदार स्टफिंग इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. खास बात ये है कि इस तरीके से करेला बनाने पर उसकी कड़वाहट भी काफी कम हो जाती है, अगर आप रोज की सब्जियों से बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो ये रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है. इसे रोटी, पराठा या दाल-चावल किसी के साथ भी सर्व किया जा सकता है.

बेसन वाले भरवां करेले के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट रेसिपी को बनाने के लिए आपको 8 से 10 मीडियम साइज के करेले चाहिए होंगे. इसके अलावा 2 बड़े प्याज, 10 लहसुन की कलियां, 1 छोटा टुकड़ा अदरक, 2 टी स्पून धनिया पाउडर, 1 टी स्पून हल्दी, 1 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, 1 टी स्पून मीट मसाला, 1 टी स्पून सौंफ पाउडर, थोड़ा आमचूर पाउडर और स्वाद के हिसाब से नमक लें. बेसन की परत तैयार करने के लिए 4 बड़े चम्मच बेसन, 2 बड़े चम्मच मैदा और थोड़ा पानी चाहिए होगा. फ्राई करने के लिए सरसों का तेल इस्तेमाल करें, इससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.

करेले की तैयारी कैसे करें
सबसे पहले करेले को अच्छी तरह धो लें. अब हल्का सा छिलका निकाल लें. इसके बाद करेले के बीच में चीरा लगाकर अंदर के बीज निकाल दें, अगर करेले लंबे हैं तो उन्हें छोटे टुकड़ों में काट लें ताकि तलने में आसानी हो. अब एक कड़ाही में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ा नमक डाल दें. कटे हुए करेले को करीब 5 से 6 मिनट तक उबाल लें. ऐसा करने से करेले की कड़वाहट काफी कम हो जाती है और वो नरम भी हो जाते हैं. उबालने के बाद करेले को पानी से निकालकर ठंडा होने दें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मसाला तैयार करने का तरीका
अगर आप करेले के बीज खाना पसंद करते हैं तो उन्हें फेंके नहीं. प्याज, लहसुन और बीज को साथ में दरदरा पीस लें. अब कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें. इसमें पिसा हुआ मसाला डालकर धीमी आंच पर भूनें. अब इसमें धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, मीट मसाला, सौंफ पाउडर और आमचूर डाल दें. ऊपर से स्वाद के हिसाब से नमक मिलाएं. मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग होता न दिखने लगे. जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें.

करेले में मसाला भरने का तरीका
अब तैयार मसाले को चम्मच की मदद से करेले के अंदर भर लें. ध्यान रखें कि मसाला अच्छे से भरा हो ताकि हर बाइट में शानदार स्वाद आए. सारे करेले इसी तरह तैयार करके एक प्लेट में रख दें.

बेसन की कुरकुरी परत कैसे बनाएं
एक बड़े बाउल में बेसन, मैदा, नमक, हल्दी और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. घोल इतना गाढ़ा होना चाहिए कि करेले पर अच्छी तरह चिपक जाए. अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. मसाला भरे हुए करेले को बेसन के घोल में डुबोएं और सीधे गर्म तेल में डाल दें. इन्हें धीमी से मीडियम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. जब ऊपर की बेसन की परत क्रिस्पी हो जाए तो करेले निकाल लें.

खाने में क्यों लगते हैं इतने खास
इस तरीके से बने करेले बाहर से कुरकुरे और अंदर से मसालेदार होते हैं. बेसन की परत करेले की कड़वाहट को काफी हद तक कम कर देती है. यही वजह है कि बच्चे भी इसे आसानी से खा लेते हैं. सरसों के तेल और मसालों की खुशबू इस डिश को और भी मजेदार बना देती है. अगर आप चाहें तो इसे सफर के लिए भी बना सकते हैं क्योंकि ये जल्दी खराब नहीं होते. सही तरीके से रखने पर इन्हें 5 से 7 दिन तक खाया जा सकता है.

सर्व करने का सही तरीका
बेसन वाले भरवां करेले को गर्मागर्म रोटी, पराठा या दाल-चावल के साथ परोसें. ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़क देंगे तो स्वाद और भी बढ़ जाएगा. आप इसे शाम की चाय के साथ स्नैक की तरह भी खा सकते हैं.



Source link

Write A Comment