Last Updated:
Sunday Breakfast Idea संडे का दिन परिवार के साथ बिताने और कुछ खास खाने का आनंद लेने के लिए सबसे अच्छा समय होता है. खासकर बच्चों में कुछ नया और स्वादिष्ट खाने की उम्मीद रहती है. अगर आप भी हर रविवार वही पराठा, ब्रेड-बटर या सामान्य नाश्ता बनाकर बोर हो चुकी हैं, और बच्चे अक्सर कुछ नया खाने की जिद करते हैं तो इन 5 रेसिपीज को ट्राई करें.
बच्चों के लिए नाश्ता हमेशा ऐसा होना चाहिए जो स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रखे. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान सामग्री की मदद से घर पर ही मजेदार और रेस्तरां जैसे स्वाद वाले व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं. ब्रेड पोहा से लेकर एप्पल ओट्स पैनकेक तक, ये रेसिपी बच्चों को जरूर पसंद आएंगी. आइए जानते हैं संडे ब्रेकफास्ट के लिए 5 आसान और स्वादिष्ट रेसिपी.
ब्रेड पोहा- अगर आप झटपट बनने वाला नाश्ता चाहते हैं तो ब्रेड पोहा बेहतरीन विकल्प है. इसके लिए ब्रेड को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. एक पैन में राई का तड़का लगाकर प्याज, टमाटर और हरी मिर्च हल्का सा भूनें. फिर हल्दी, नमक और ब्रेड डालकर 2 मिनट तक पकाएं. ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डालकर परोसें.
चीज वेज पराठा- बच्चों को चीज का स्वाद बहुत पसंद आता है. गेहूं के आटे को गूंथकर सेट होने के लिए ढककर छोड़ दें. अब कद्दूकस किया हुआ चीज, गाजर, शिमला मिर्च, उबला मक्का, हरा धनिया, नमक और काली मिर्च मिलाकर स्टफिंग तैयार करें. फिर इसी भरावन को पराठा में भरकर बेलकर घी में सेंक लें. इसका स्वाद बच्चों को पिज्जा जैसा लगेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ब्रेड पिज्जा पॉकेट- यह बच्चों के लिए मजेदार और चटपटा नाश्ता है. इस बनाने के लिए बटर में लहसुन, प्याज, गाजर, स्वीट कॉर्न और शिमला मिर्च भूनें. इसमें पिज्जा सॉस मिलाकर ठंडा होने दें. फिर ऑलिव, जैलापीनो और मोजेरेला चीज डालें. अब ब्रेड का एक स्लाइस लें, उसके किनारे काट दें और उसे पतला बेल लें. फिर इसमें स्टफिंग भरकर पानी की मदद से ब्रेड को चारों तरफ से हल्का गीला करते हुए सील करें और सुनहरा होने तक तल लें.
एप्पल ओट्स पैनकेक- यह हेल्दी और स्वादिष्ट नाश्ता है. कद्दूकस किया हुआ सेब, ओट्स का आटा, दूध या अंडा और थोड़ा दालचीनी पाउडर मिलाकर बैटर तैयार करें. तवे पर घी लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. इसे शहद या दही के साथ परोस सकते हैं.
कच्चे केले की टिक्की- उबले हुए कच्चे केले को मैश करके उसमें ओट्स पाउडर, प्याज, कॉर्न, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा पाउडर और नमक मिलाएं. टिक्की बनाकर धीमी आंच पर घी या तेल में सेंक लें. हरी चटनी या इमली की चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. टिक्की को पकाने से पहले कुछ देर फ्रिज में रखें ताकि उसका आकार बना रहे. सभी रेसिपी को मध्यम आंच पर पकाएं और स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा अदरक या अमचूर पाउडर भी मिला सकते हैं. ये आसान रेसिपी बच्चों के संडे को और भी खास बना देंगी.